Featured

बेगूसराय में फिर एक्टिव हुए कन्हैया कुमार, महागठबंधन पर ऐसा बयान दिया जिससे RJD सकते में पड़ी।

बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार एक बार फिर बेगूसराय में एक्टिव हो गए हैं. बेगूसराय पहुंचते ही कन्हैया कुमार ने अकेले चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं. इससे लालू यादव और तेजस्वी यादव को झटका लग सकता है.

 

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कांग्रेस पार्टी काफी एक्टिव दिखाई दे रही है. चुनाव से पहले कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार एक बार फिर से बेगूसराय पहुंच चुके हैं. बेगूसराय पहुंचते ही कन्हैया कुमार ने महागठबंधन पर ऐसी बात कही है जिससे राजद को सदमा लग सकता है. दरअसल, बेगूसराय में कन्हैया कुमार ने कहा कि हो सकता है, कांग्रेस सभी सीटों पर अकेले भी चुनाव लड़े. अगर कांग्रेस की शर्त राजद नहीं मानेगी, तब कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ सकती है. कन्हैया कुमार ने जिला के कांग्रेसी नेताओं को भी चुनाव की तैयारी करने का आदेश दिया है.

 

बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने भी अकेले चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं. कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि विधानसभा चुनाव में गठबंधन धर्म का पालन होगा और पार्टी सम्मानजनक सीट पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने पत्रकारों से कहा था कि बिहार में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है. मैं पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करूंगा. उन्होंने कहा कि यहां सभी से मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे ताकि आने वाले वक्त में हमें जनता का समर्थन मिलेगा.

 

बता दें कि दिल्ली चुनाव के बाद सभी की निगाहें बिहार चुनाव पर टिकी हैं. दिल्ली में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन तोड़ते हुए उसी के खिलाफ चुनाव लड़ा था. हालांकि, कांग्रेस का इस बार भी खाता नहीं खुला, लेकिन आप को करारी हार का सामना करना पड़ा. कांग्रेसी इस बात से खुश हैं कि पार्टी ने इतना बड़ा फैसला लिया. अब पार्टी बिहार में भी अपनी खोई हुई सियासी जमीन वापस पाने की कोशिश कर रही है. अगर पार्टी राजद से गठबंधन तोड़ती है तो कोई बड़ी बात नहीं होगी, क्योंकि कांग्रेस के वोटबैंक को ही राजद ने हथिया रखा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *