48 घंटे में बच्चियों से दरिंदगी का दूसरा मामला; दो दिन पहले 6 साल की मासूम हुई शिकार
दरभंगा में 3 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। वारदात में गंभीर रूप से घायल बच्ची को डीएमसीएच के गायनिक विभाग में इलाज के लिए एडमिट कराया गया है। घटना केवटी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जिले में 48 घंटे के अंदर मासूम बच्चियों से रेप का ये दूसरा मामला है। वारदात की जानकारी के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 35 साल के आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार की शाम साढ़े सात बजे की है। पुलिस को घटना की जानकारी 9 बजे के बाद दी गई। आरोपी का घर पीड़िता के घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मासूम के घर के आगे से खेलाने के बहाने गोद में उठाया और घर से थोड़ी दूर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। उधर, दुष्कर्म की शिकार बच्ची रोने चीखने लगी, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बच्ची की पहचान कर उसके परिजन को सूचना दी।
बच्ची की हालत गंभीर, ICU में इलाज जारी
परिजन तत्काल बच्ची को लेकर दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले गए और उसे एडमिट कराया। फिलहाल बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका गायनिक विभाग के ICU में इलाज जारी है। उधर, बच्ची को अस्पताल में एडमिट कराने के बाद पीड़ित परिजन ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
जानकारी के बाद पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची, जबकि दूसरी टीम आरोपी के घर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को तत्काल गांव के लोगों ने पकड़ लिया था और पुलिस के आने के बाद उसे सौंप दिया। शुक्रवार सुबह से पीड़ित परिवार के गांव के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए तत्काल सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी समेत पुलिस टीम को मौके पर भेजा। गांव में FSL की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से सैंपल कलेक्ट कर जांच में जुट गई है। हालांकि अब तक इस मामले में प्रशासन का कोई बयान नहीं आया है।
15 दिन पहले अपनी बहन के घर आया था आरोपी
आरोपी सुनील कुमार के बारे में बताया जा रहा है कि वो कहीं और का रहने वाला है। पीड़िता के गांव में आरोपी की बहन का ससुराल है। आरोपी करीब 15 दिन पहले अपनी बहन के ससुराल आया था और यहां रह रहा था। फिलहाल, गांव के लोगों को आरोपी के बारे में कुछ ज्यादा नहीं पता है। बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपी दोनों का परिवार पेशे से मजदूर हैं।
मंगलवार की रात 6 साल की बच्ची से रेप का मामला आया था सामने
इससे पहले मंगलवार की रात जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया था। वारदात को 50 साल के अधेड़ ने अंजाम दिया था। घटना के बाद बच्ची को गंभीर हालत में DMCH के ICU में एडमिट कराया गया था। इसके अलावा, आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। घटना के दौरान बच्ची दुकान में दूध देकर घर लौट रही थी। मासूम के पिता ने बताया था कि, ‘बेटी रात 8 बजकर 30 मिनट पर घर से दूध देने के लिए गई थी, लेकिन करीब 2 घंटे बाद भी वो नहीं लौटी। इसके बाद हम लोगों ने खोजबीन शुरू की।’
पीड़िता के पिता ने कहा-
जब बाजार की ओर जा रहे थे, तो हाई स्कूल के पास बच्ची को देखा, तो वह रो रही थी। जब मैंने और पत्नी ने पूछा तो उसने बताया कि कोई बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ हाई स्कूल के पास ले गया और गलत काम किया।
पीड़ित के पिता के मुताबिक, जब हम लोगों ने बेटी को देखा तो उसके कपड़े लहूलुहान थे। तत्काल हम लोगों ने गांव के लोगों की मदद से बच्ची को प्राइमरी हेल्थ सेंटर में एडमिट कराया और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।
PHC में हालत गंभीर देख DMCH किया था रेफर
प्राथमिक इलाज के बाद बच्ची की हालत को गंभीर देखते हुए रात 1 बजे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल यानी DMCH में एडमिट कराया गया था। यहां डॉक्टर ने पीड़ित मासूम को तड़के 4 बजे DMCH के गायनिक वार्ड में रेफर कर दिया, जहां ICU में इलाज चल रहा है।




