मधुबनी : ज्वेलरी शॉप को लूटने पहुंचे थे आधा दर्जन अपराधी:मधुबनी में मौके से एक आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी में घटना कैद, अन्य की खोज जारी
मधुबनी के सहारघाट थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक ज्वेलरी शॉप को लूटने की कोशिश की। आसपास के लोगों ने बताया कि रेणुका ज्वेलर्स को तकरीबन आधा दर्जन अपराधियों ने हथियार से लैस होकर लूटने की कोशिश की। इस दौरान खिड़की को तोड़ रहे थे। तभी पास में पहरा दे रहे पहरेदार ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी।
नेताजी सुभाष चौक पर गश्ती में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को आते देख अपराधी भागने लगे। इसमें एक अपराधी को पुलिस ने पकड़ लिया। सूत्रों की माने तो उस अपराधी के पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया है। हालांकि मामले को लेकर पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है।
डीएसपी निशिकांत भारती ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधी पहुंचे थे लेकिन पुलिस की तत्परता से असफल हो गए। इस दौरान एक को पकड़ लिया गया है। वहीं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ में जुटे हुए है।
