समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के पतैलिया गांव में शनिवार सुबह एक अधेड़ महिला की अलाव तापने के दौरान जलकर मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान गांव के राम बहादुर साहनी की पत्नी अहिल्या देवी (49 वर्ष) के रूप में की गई है।
मृतका के पुत्र अनिल कुमार साहनी ने बताया कि उनकी मां सुबह घर के बाहर दरवाजे पर अलाव ताप रही थी। इस दौरान उनके पिता, जो विकलांग हैं, वहीं पास में बैठे हुए थे। मां उनकी आंख में आई ड्रॉप डालने के लिए उठी, तभी अचानक उनकी साड़ी में आग लग गई।
पिता ज्यादा कुछ नहीं कर सके, लेकिन जैसे तैसे उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, आग पीछे से इतनी तेजी से फैल गई कि मां गंभीर रूप से जल गई। आसपास के लोग इस घटना के बाद इकट्ठा हुए और उन्हें गांव के ही निजी डॉक्टर के पास ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल में जुटे लोग।
शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल में जुटे लोग।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा
घटना की जानकारी मिलने पर विभूतिपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को जब्त किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। विभूतिपुर थाना अध्यक्ष आनंद कश्यप ने बताया कि परिवार वालों ने बताया कि अलाव तापते समय महिला की साड़ी में आग लग गई थी, जिससे वह झुलस गई। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक केस दर्ज किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




