Featured

सहरसा : राज बल्लभ मेडिकल ट्रस्ट बिहार सरकार को सौंपेगी जमीन:20 एकड़ जमीन मेडिकल कॉलेज को सौंपने का फैसला लिया, विकास पर दिया जोर

सहरसा में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पद्मश्री हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आर. एन. सिंह ने बड़ा फैसला लेते हुए सहरसा के गोलमा स्थित राज बल्लभ मेडिकल ट्रस्ट की 20 एकड़ जमीन और डेढ़ लाख वर्ग फीट में निर्मित बिल्डिंग बिहार सरकार को मेडिकल कॉलेज के लिए सौंपने का निर्णय लिया है।

डॉ. आर. एन. सिंह ने रविवार को सहरसा के होटल कार्डो परदेशी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य इलाके के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इलाके के सर्वांगीण विकास पर जोर

डॉ. सिंह ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना सराहनीय है, लेकिन सहरसा शहर में पहले से ही दो निजी मेडिकल कॉलेज मौजूद हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि मेडिकल सुविधाओं का विस्तार अन्य इलाकों में किया जाए, जिससे पूरे जिले का विकास हो सके।

उन्होंने कहा, “हमने 2010 में गोलमा में एक जनरल अस्पताल की स्थापना की थी। अब मैं सरकार और जनता के हित में इस अस्पताल की जमीन और भवन मेडिकल कॉलेज के लिए सरकार को सौंपना चाहता हूं।”

इलाके को होगा बड़ा लाभ

डॉ. सिंह ने बताया कि सहरसा-मधेपुरा और महेशखुट-नवगछिया के बीच कोई भी बड़ी चिकित्सा सुविधा नहीं है। यदि इस स्थान पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना होती है, तो आसपास के लोगों को इसका बहुत लाभ मिलेगा।

सरकार को भेजा प्रस्ताव

डॉ. सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को प्रस्ताव सौंपा है। उन्होंने कहा, “यह कदम इलाके के लोगों के लिए हितकारी होगा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा।”

डॉ. सिंह के इस निर्णय की सराहना स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने की है। अब देखना यह है कि सरकार इस प्रस्ताव को कब तक मंजूरी देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *