Featured

बिहार : बिहार में इस महीने भी गर्मी से नहीं मिलेगी राहत, जानें क्यों देर से दस्तक देगी ठंड

नवंबर के अंत तक बिहार में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस महीने मौसम शुष्क रहेगा, जबकि अगले महीने ठंड की एंट्री होगी।

 

नवंबर का महीना शुरू होने के बावजूद बिहार के मौसम में बड़े बदलाव नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक लोगों को महीने के अंत तक उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मतलब राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने की उम्मीद नहीं है। वैसे, रात के तापमान में हर दिन गिरावट दिखेगी। मौसम विभाग का कहना है कि दिसंबर के पहले हफ्ते से ठंड पड़ने की संभावना है।

सभी जिलों में शुष्क रहेगा मौसम

आईएमडी ने बिहार में इस सप्ताह बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। राजधानी पटना, भागलपुर, पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर समेत अन्य सभी जिलों में मौसम सामान्य शुष्क रहने के आसार हैं। दूसरी ओर 7 जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लेवल 100 से पार हो चुका है। इस वजह से यहां की हवा जहरीली हो गई है। मुजफ्फरपुर का एक्यूआई (AQI) सबसे ज्यादा 211 रिकॉर्ड किया गया है। इसके अतिरिक्त पटना का एक्यूआई (AQI) 178, सीवान 176, कटिहार 171, हाजीपुर 162, पूर्णिया 151, किशनगंज का 151 दर्ज किया गया है।

मानसून की तरह ठंड में देरी

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एसके पटेल ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा है। तापमान भी सामान्य से ऊपर रहा है। अब तक ठंड की दस्तक नहीं हुई है। जबकि, अक्टूबर में ही बिहार में हल्की ठंड शुरू हो जाती है। दरअसल, इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ है। अब तक किसी भी मजबूत पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में दस्तक नहीं दी है। ऐसे में मानसून की तरह ठंड की शुरुआत देरी से होगी। बता दें, इस बार मानसून भी अपने निर्धारित समय से 4 दिन की देरी से बिहार पहुंचा था।

आज कैसा रहेगा मौसम?

आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री से 31 डिग्री रहेगा। न्यूनतम 21 डिग्री से 22 डिग्री के बीच रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। उत्तर बिहार की अपेक्षा दक्षिण बिहार में गर्मी कम है। शुक्रवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *