बिहार : जम्मू-कश्मीर में बिहार के शख्स की हत्या, गोलियों से छलनी शव मिला
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से दूसरे राज्य के श्रमिक की हत्या कर दी गई है। केंद्रशासित प्रदेश के शोपियां जिले में शुक्रवार को एक प्रवासी मजदूर का गोलियों से छलनी शव बरामद किया गया है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि जिस शख्स का शव बरामद हुआ है वह बिहार का रहने वाला है। माना जा रहा है कि मजदूर की मौत आतंकियों द्वारा टारगेट किलिंग के तौर पर की गई है। आपको बता दें कि इससे पहले भी जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों में आतंकियों द्वारा टारगेट किलिंग कर के कई प्रवासी श्रमिकों की हत्या की गई है।
अशोक चौहान है श्रमिक का नाम
अधिकारियों ने जानकारी दी है कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में जैनापुरा के वाची इलाके से बिहार के रहने वाले श्रमिक का शव बरामद किया गया है। श्रमिक की पहचान अशोक चौहान के रूप में हुई है। वह अनंतनाग के संगम इलाके में रहता था। अशोक चौहान ने अपने साथी को फोन पर बताया था कि वह कहीं जा रहा है।
