सीवान: सीवान में ऐंबुलेंस चालक ने दिया धरना:बकाया वेतन देने की मांग, सैलरी बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन
एंबुलेंस कर्मचारी संघ 102 के बैनर तले अपने विभिन्न मांगों को लेकर एंबुलेंस चालक हड़ताल पर हैं। सीवान सदर अस्पताल में धरना पर बैठे है। चालकों की मांग है कि उनका बकाया वेतन अविलंब भुगतान किया जाए।
मासिक वेतन के साथ पे स्केल दिया जाए। 8 माह की पीएफ राशि और 18 माह का ESIC दिया जाए। अधिनियम के अनुसार आठ घंटे की ड्यूटी की जाए। श्रम अधिनियम के तहत वेतन में बढ़ोतरी की जाए और वर्ष 2017 से बकाया बोनस राशि तुरंत भुगतान किया जाए।
इधर, एम्बुलेंस चालक के हड़ताल पर चले जाने के बाद मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। धरना पर बैठे एंबुलेंस चालकों ने कहा कि इस महंगाई के दौर में हम सभी का पेट नहीं भर रहा है। इधर एंबुलेंस चालक का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तब तक उनका हड़ताल जारी रहेगा। निजी और सरकारी सभी एंबुलेंस चालक हड़ताल पर हैं।
सदर अस्पताल में इलाज कराने मरीज के साथ पहुंचे सतीश यादव ने कहा कि वह अपने पिताजी का इलाज करने के लिए सदर अस्पताल पहुंचे हैं। उनके पिताजी को हार्ट अटैक आया है। डॉक्टर ने पटना रेफर किया है, लेकिन एंबुलेंस से चालक हड़ताल पर हैं जिसके कारण वह पटना नहीं ले जा पा रहे हैं। ऐसी कोई दर्जन मरीज परेशान है।
