अररिया : सिपाही भर्ती परीक्षा देते हुए दो मुन्ना भाई गिरफ्तार:अररिया में अलग-अलग केंद्रों पर कार्रवाई, भेजे गए जेल
अररिया के नगर थाना क्षेत्र में सिपाही भर्ती परीक्षा केंद्र से दो मुन्ना भाई परीक्षा देते हुए गिरफ्तार किया गया है। एसपी अमित रंजन ने कहा कि बुधवार को परीक्षा के अंतिम दिन जिला मुख्यालय में कुल 19 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से दो मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय अररिया के परीक्षा केंद्र से एक छात्र को और मदरसा इस्लामिया यतीम खाना अररिया परीक्षा केंद्र से दूसरे छात्र को पकड़ा गया है। दोनों किसी अन्य परीक्षार्थी के जगह पर परीक्षा दे रहे थे। नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने कहा कि प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय से कुणाल कुमार पिता अवधेश प्रसाद के बदले उसके भाई भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना कोयरीकुट्टा निवासी कुंदन कुमार नामक युवक को पकड़ा गया।
इसके अलावा मदरसा इस्लामिया यतीम खाना अररिया में धर्मेंद्र कुमार की जगह भागलपुर जिला के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के निवासी मोहन कुमार को परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई दोनों परीक्षा केंद्र पर मौजूद स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी की ओर से की गई है। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
