Featuredप्रादेशिक

डॉ0 दिलीप जायसवाल बने बिहार भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष।

दिल्ली डेस्क: भाजपा ने बिहार और राजस्थान में नए अध्यक्ष मनोनीत कर दिए हैं। गुरुवार की देर रात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर भाजपा के मुख्यालय प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह इन दोनों प्रदेशों के नए अध्यक्षों के नाम का मनोनयन पत्र जारी कर दिया है।

भाजपा ने विधान पार्षद (एमएलसी) व राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डा. दिलीप जायसवाल को नया प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। वैश्य जाति में कलवाड़ समुदाय से आने वाले दिलीप जायसवाल पूर्व में पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर जायसवाल ने राष्ट्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया है।

कांग्रेस की पृष्ठभूमि वाले दिलीप जायसवाल नीतीश सरकार में मंत्री और सीमांचल में भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं। अहम यह है कि पार्टी ने लगातार चौथी बार पिछड़ा समुदाय के व्यक्ति को बिहार की कमान दी है। इससे पहले सम्राट चौधरी, संजय जायसवाल और नित्यानंद राय भी पिछड़ा वर्ग से ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाए गए थे। त्रिस्तरीय पंचायत क्षेत्र से विधान परिषद के सदस्य के रुप में दिलीप लगातार तीसरी बार चुन कर आए हैं।

बता दें, 23 मार्च, 2023 को सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का दायित्व दिया गया था। तब सम्राट विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में थे। अब वे भाजपा विधानमंडल दल के नेता हैं। साथ ही उपमुख्यमंत्री भी हैं। संजय जायसवाल के बाद सम्राट चौधरी को पार्टी की कमान सौंपी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *