दर्दनाक: तेज रफ्तार ट्रक की ठोकड़ से छात्रा की मौत।
दरभंगा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस घटना में एक साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए मामले की जांच में जुट गई।
सिंहवाड़ा प्रखंड अंतर्गत दरभंगा मुजफ्फरपुर एनएच 27 पथ पर शोभन चौक के समीप तेज रफ्तार से आ रही ट्रक की ठोकर से साइकिल सवार छात्रा की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर हो गई।
ट्रक दरभंगा से पटना की ओर जा रही थी। मौके पर पहुंची सिमरी पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
मृत छात्रा की पहचान केवटी थाना के अंदामा निवासी सुखदेव यादव के अठारह वर्षीय पुत्री संध्या कुमारी के रूप में की गई है। मृतका के परिजन बिकाऊ यादव ने बताया कि लड़की सीएम साइंस कॉलेज दरभंगा में इंटर की छात्रा है।
वह अपने फुआ से मिलकर साइकिल से घर लौट रही थी कि शोभन चौक के पास बेलगाम आ रही ट्रक ने ठोकर मार दी जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
सिमरी थानाध्यक्ष विरेन्द्र चौधरी ने बताया है कि मृतका के परिजन से प्राप्त आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस ने छात्रा को ठोकर मारने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार बताया गया है।
