Featuredप्रादेशिक

घर में सो रहे दंपति पर चाकू से हमला, एक की मौत।

शिवहर: जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गुरुवार की देर रात्रि घर में सो रहे दंपति पर चाकू से हमला कर दिया. घटना में पति की मौत हो गई. चाकू के प्रहार से उसकी पत्नी बुरी तरह से जख्मी है. उसे इलाज के लिए शिवहर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है. वहीं, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल हो गया है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बताया गया है कि चंदन कुमार सिंह के शरीर पर अपराधियों ने 20 से अधिक बार चाकू से प्रहार किया है. यह वारदात रात्रि के करीब दो बजे की है. अपराधियों ने उसकी पत्नी को भी नहीं बख्शा और उसे भी चाकू से गोदकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. हालांकि सूचना मिलते ही तुरंत पहुंची पुलिस और जख्मी महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया. घटनास्थल पर एसडीपीओं अनिल कुमार भी पहुंचे और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

मृतक की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के छतौना गांव निवासी 28 वर्षीय चंदन कुमार सिंह के रूप में की गई है. वहीं, जख्मी निशा कुमारी है, जो चंदन की पत्नी है. बताया जा रहा है कि चंदन की पांच बहनें हैं. इन बहनों का चंदन अकेला भाई था. उसके माता-पिता नहीं हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पता लगा रही कि किन अपराधियों ने और किस कारण इस घटना को अंजाम दिया है. एसपी अनंत कुमार राय ने उक्त घटना की पुष्टि की है और तेजी से जांच की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *