Featuredदरभंगाप्रादेशिक

दहेज के लिए विवाहिता की जहर देकर हत्या, तफ्तीश कर रही पुलिस।

बिहार के पटना जिले में चिकसौरा थाना क्षेत्र के दल्लू विगहा गांव में दहेज की खातिर ससुराल वालों ने जहर देकर एक विवाहिता की हत्या कर दी। मरने वाली महिला करण कुमार की पत्नी शिवानी कुमारी है।

पटना जिला के दुल्हिन बाजार निवासी गौरी शंकर विंद की पत्नी ने बताया कि एक साल पहले उनकी बेटी की शादी दल्लू विगहा गांव निवासी दिनेश विंद के पुत्र करण विंद से हुई थी। शादी के वक्त लाखों रुपयों का उपहार दिया गया था। कुछ दिन पहले ही पति विदाई कराकर पत्नी को घर ले गया था।

उन्होंने आगे बताया कि इसके बाद ही आरोपित पति व उसके घर वाले बाइक और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। बेटी ने जब असमर्थता जताई तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। दो दिनों तक उनकी बेटी को ससुराल वालों ने भूखा रखा।

बेटी ने फोन पर बताया कि उसके साथ पति व ससुराल वाले काफी दुर्व्यवहार कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने दामाद को काफी समझाया भी था । लेकिन शुक्रवार की देर शाम आरोपित पति व ससुराल वालों ने उनकी बेटी को जहर देकर मार डाला और घर से फरार हो गए। किसी तरह इसकी सूचना पड़ोसियों ने उन लोगों को दी।

उन्होंने यह भी बताया कि जब वे लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो घर में ताला लगा हुआ था। इसके बाद इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर से शव बरामद किया।

चिकसौरा थाना अध्यक्ष उमाशंकर ने बताया कि मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर पति समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ मायके वालों ने मामला दर्ज कराया है। मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *