Featured

आधारभूत संरचनाओं एवं परिसम्पत्तियों के सुदृढ़ीकरण को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक


ग्राम पंचायतवार विद्यालय,आंगनवाड़ी केन्द्र, सामुदायिक भवन एवं स्वास्थ्य उप केन्द्रों के सुदृढ़ीकरण, उन्नयन एवं नवनिर्माण हेतु योजनाओं को चिह्नित करने को डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक
दरभंगा, 05 सितंबर 2026 –
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व से अवस्थित आधारभूत संरचनाओं एवं परिसम्पत्तियों को सुदृढ़ करने तथा आवश्यकतानुसार नई परिसम्पत्तियों के सृजन को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतवार आधारभूत संरचनाओं की आवश्यकता का आकलन करते हुए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, सामुदायिक भवनों, स्वास्थ्य उप केन्द्रों सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं अत्यावश्यक परिसम्पत्तियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिन आधारभूत संरचनाओं में मरम्मत, सुदृढ़ीकरण अथवा उन्नयन की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जाए तथा जहां नवनिर्माण की आवश्यकता है, वहां नियमानुसार प्रस्ताव तैयार किया जाए।

बैठक में निर्देश दिया गया कि विद्यालयों को सुदृढ़/नवनिर्माण, आंगनबाड़ी केन्द्रों को सुदृढ़/उन्नयन/नवनिर्माण, सामुदायिक भवनों को सुदृढ़/उन्नयन तथा स्वास्थ्य उप केन्द्रों को सुदृढ़/उन्नयन/नवनिर्माण से संबंधित योजनाओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य अत्यावश्यक एवं महत्वपूर्ण आवश्यकताओं से जुड़ी योजनाओं को भी ग्राम पंचायतवार चिह्नित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नवनिर्माण से संबंधित किसी भी योजना को चिह्नित करने से पूर्व संबंधित योजना के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कर लेने का निर्देश दिया।
भूमि की उपलब्धता एवं उपयुक्तता का सत्यापन किए बिना नवनिर्माण संबंधी प्रस्ताव तैयार नहीं किए जाएं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में बताया गया कि उप विकास आयुक्त जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे,जबकि प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नोडल पदाधिकारी के रूप में योजनाओं के चिह्नीकरण, समन्वय एवं आवश्यक प्रतिवेदन तैयार कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतवार योजनाओं के चिह्नीकरण की कार्रवाई अगले तीन-चार दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं एवं विवरण विहित प्रपत्र में तैयार रखे जाएं, ताकि प्राप्त सूचना को निर्धारित पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड किया जा सके।
उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बैठक में सहायक समाहर्ता सुश्री कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार सहित सभी संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *