भू-अर्जन परियोजनाओं को लेकर डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में भू-अर्जन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति एवं कार्यान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न भू-अर्जन परियोजनाओं से संबंधित अधियाची विभागों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग एवं कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजनावार भू-अर्जन की स्थिति, संबंधित मामलों में की जा रही कार्रवाई, रैयतों को मुआवजा भुगतान तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं अधियाची विभागों के प्रतिनिधियों को भू-अर्जन से संबंधित प्रक्रियाओं में आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन रैयतों को मुआवजा भुगतान किया जाना है, उन्हें उपलब्ध राशि के आधार पर नियमानुसार शीघ्र मुआवजा भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा परियोजनाओं की प्रगति से संबंधित अद्यतन स्थिति समय-समय पर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि किसी भी स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री सलीम अख्तर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।
