Featured

सर्जना निखार शिविर का भव्य शुभारंभ, व्यक्तित्व एवं कौशल विकास से आत्मनिर्भरता का होगा निर्माण

आज दिनांक 11.06.2026, बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, दरभंगा इकाई द्वारा आयोजित “सर्जना निखार शिविर” का उद्घाटन समारोह आज सी.एम. साइंस कॉलेज स्थित कामेश्वर भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि नाबार्ड की डीडीएम कुमारी राजनंदिनी ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं में व्यवहारिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सर्जना निखार शिविर जैसी पहल छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में प्रेरित करेगी।

सी.एम. साइंस कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव मिश्रा ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को शिविर से अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
अभाविप के प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. स्मिता झा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल छात्रहित के आंदोलनों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर रचनात्मक गतिविधियों का संचालन करती है। सर्जना निखार शिविर छात्राओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का एक सशक्त मंच प्रदान करता है।
अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पूजा कश्यप ने कहा कि यह शिविर वर्षों से हजारों छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और कौशल विकास का माध्यम बनता आया है। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे शिविर के प्रत्येक सत्र में सक्रिय सहभागिता कर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करें।

जिला प्रमुख डॉ. आकाश अवस्थी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य ऐसे जागरूक, संस्कारित और सक्षम युवाओं का निर्माण करना है जो समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। सर्जना निखार शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

न्यूज टुडे के संपादक संतोष दत्त झा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समझ युवाओं की सबसे बड़ी पूंजी है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं को नई दिशा और नई सोच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन अभाविप कार्यकर्ता शालिनी कुमारी ने किया।

कार्यक्रम के दौरान शिविर के उद्देश्यों, प्रशिक्षकों, विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। उपस्थित प्रशिक्षक में नूतन, राय, शिवानी शर्मा, ईशा श्रीवास्तव, शिवानी झा, ए के झा राजा सर, सुमन सिंह आदि उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं अभाविप कार्यकर्ताओं में विभाग संयोजक वागीश झा, जिला संयोजक नवनीत रंजन, प्रांत विधि कार्य संयोजक राहुल सिंह, प्रांत विश्वविद्यालय कार्य सह संयोजक हरिओम झा, प्रांत खेलो भारत सह संयोजक सत्यम झा, प्रांत छात्रा सह प्रमुख ज्योत्सना, प्रांत एस एफ डी सह संयोजक मनोहर मिश्र, शशिभूषण कुमार, आदित्य कुमार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विकास कुमार, जनार्दन कुमार ,मनोज मिश्रा, स्वीटी, राजकुमार मुखिया आदि की उपस्थिति रही। उपस्थित प्रतिभागियों ने शिविर के माध्यम से स्वयं को विकसित कर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *