Featuredप्रादेशिक

सुनील पांडेय सासाराम जेल से हुए रिहा, 9 महीने बाद मिली इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत।

JDU से विधायक रह चुके सुनील पांडेय से जेल से बाहर आ गए हैं। बीते शनिवार को पूर्व विधायक सासाराम मंडल कारा में लगभग नौ माह बिताने के बाद रिहा हुए। उनकी रिहाई के बाद पूर्व विधान पार्षद और उनके छोटे भाई हुलास पांडेय उन्हें लेने गए थे। जेल से बाहर आते ही सुनील पांडेय डेहरी स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए। बता दें कि सुनील पांडेय की रिहाई इलाहाबाद हाईकोर्ट से बेल मिलने के बाद हुई है।

गाड़ियों के काफिले के साथ जब वह डेहरी पहुंचे तब तक उनकी रिहाई की खबर फैल चुकी थी। बड़ी संख्या में उनके समर्थक उनके डेहरी आवास पर पहुंचे और उन्हें बधाई देने लगे। बता दें सुनील पांडेय की रिहाई ऐसे समय में हुई है, जब बिहार में बड़ा सियासी खेल शुरू होनेवाला है। ऐसे में सुनील पांडेय बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

पूर्व विधायक ने कहा उन्हें न्यायापालिका पर पूर्ण विश्वास है। कहा कि जेल से बाहर आते ही ओडिसा में बड़ी रेल दुर्घटना की जानकारी मिली है, दुर्घटना के पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

पूर्व विधायक सुनील पांडेय को उत्तर प्रदेश पुलिस ने मिर्जापुर से अगस्त 2022 में गिरफ्तार किया था। वे मिर्जापुर अष्टभुजा के दर्शन करने 14 अगस्त 2022 को विंध्यांचल गए थे। उसी दौरान मंदिर में दर्शनार्थियों के बीच विवाद हुआ था, उस दौरान 75 साल के कन्हैया प्रसाद को गोली मारकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए थे।

घटना के बाद विंध्याचल कोतवाली ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने तफ्तीश की, तब पूर्व विधायक सुनील पांडेय उसकी रडार पर आ गए थे, जिसमें उनकी गिरफ्तारी हुई। बाद में वे एक अन्य मामले में सासाराम मंडल कारा में लाए गए थे। बेल मिलने के बाद वे जेल से बाहर आ गए है। लगभग नौ माह के बाद उनकी वापसी पर समर्थकों में खुशी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *