Featured

बिहार में सुबह-सुबह महिला की लाठी से पीट कर हत्या, जमीन विवाद में मर्डर।

बिहार में सुबह-सुबह महिला की लाठी से पीट कर हत्या, जमीन विवाद में मर्डर संक्षेप: चार दिन पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच इसी विवाद को लेकर झड़प भी हुई थी। जिसमें दोनों पक्षों की तरफ से थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। मंगलवार रात भी दोनों पक्षों में पहले बहस हुई थी।

 

बिहार के मधुबनी में एक महिला की लाठी-डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। यहां मधेपुर प्रखंड के भेजा थाने के डारह पंचायत के नवटोलिया वार्ड 11 में भूमि संबंधी पुरानी विवाद को लेकर हुई झड़प में एक महिला पर लाठी-डंडे से की गई हमले में महिला की मौत हो गई। घटना बुधवार अहले सुबह करीब चार बजे की बताई जा रहीहै। मृतका डारह नवटोलिया के संतोष यादव की पत्नी शोभिता देवी(30) बतायी गई हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में जमीन संबंधी पुरानी विवाद है। चार दिन पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच इसी विवाद को लेकर झड़प भी हुई थी।

 

जिसमें दोनों पक्षों की तरफ से थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। मंगलवार रात भी दोनों पक्षों में पहले बहस हुई थी। बताया जाता है कि एक पक्ष के लोगों ने बुधवार अहले सुबह करीब चार बजे दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी, डंडा व लोहे के रॉड से हमला कर दिया। जिस हमले में संतोष यादव की पत्नी शोभिता देवी को माथे (सिर) में चोट लगी। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

 

इधर घटना की सूचना मिलते ही झंझारपुर के एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा तथा भेजा थानाध्यक्ष आदित्य कुमार पुलिस बलों संग तत्क्षण घटनास्थल डारह पंचायत के नवटोलिया पहुंचे तथा मामले को गहन छानबीन की। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है।

 

एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि मामला जमीन संबंधी विवाद से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्षों में मारपीट चार दिन पहले भी हुई थी। जिसमें प्राथमिकी भी दर्ज है। भेजा थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि बुधवार को हुई हत्या की घटना में एफआईआर दर्ज किए जाने की प्रक्रिया जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सभी आरोपी घर से फराह हैं। एसडीपीओ एवं थानाध्यक्ष ने बताया कि गांव में शांति है। एहतियातन तत्काल पुलिस की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *