सहरसा में विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार पर सांसद सख्त:बोले- 15 दिनों में शेष कार्य पूरा करें, NH -107 की प्रगति पर खफा, होगी कार्रवाई।
सहरसा में शनिवार को सांसद दिनेश चंद्र यादव की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। विकास भवन में आयोजित इस बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
नल-जल योजना की स्थिति चिंताजनक पाई गई। नगर निकाय क्षेत्र में अभी तक केवल 50 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। सांसद ने अगले 15 दिनों में शेष कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देश का पालन न होने पर बुडको के परियोजना निदेशक और संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई होगी।
बैजनाथपुर के अधूरे कार्यों को तुरंत करें पूरा
एनएच-107 परियोजना की प्रगति पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। सर्वा ढाला का काम 15 अक्टूबर 2025 तक और पररी का काम 30 सितंबर 2025 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैजनाथपुर क्षेत्र के अधूरे कार्यों को तुरंत पूरा करने को कहा गया।
ग्रामीण कार्य प्रमंडल, सिमरी बख्तियारपुर के कार्यपालक अभियंता को सड़कों की मरम्मत शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सिविल सर्जन को भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
योजनाओं को समय से और गुणवत्तापूर्ण पूरा करें
बैठक में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा, अपर समाहर्ता संजीव कुमार चौधरी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने सभी विभागों से योजनाओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का आग्रह किया।
