बलुआचट्टी में सड़क न नाला, लोगों को जलजमाव से मुक्ति का इंतजार।
इस वजह से बलुआचट्टी मोहल्ला से सप्ता जानेवाली सड़क पर पानी बहते रहता है। नल जल योजना के तहत मोहल्ले में पाइप तो बिछा लेकिन सभी घरों तक नलजल का पानी नहीं पहुंचा। ओपन नाला के कारण मोहल्ले में गंदगी का अंबार है। सड़क पर जलजमाव के कारण सफाई कर्मचारी मोहल्ले में कम आते हैं। बलुआचट्टी मोहल्ले से सप्ता रोड में सालोभर जलजमाव के कारण मोहल्ले के लोगों को मलेरिया एवं डेंगू का डर बना रहता है।
मोहल्ले में पार्किंग, पेयजल एवं सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं रहने से लोगों को परेशानी होती है। नगर निगम की ओर से पार्किंग के लिए जगह उपलब्घ नहीं कराये जाने से बहुत परेशानी होती है।
नाला की खराब स्थिति के कारण पीसीसी सड़क पर पानी लगता है। इससे सड़क टूट रही है। मुख्य सड़क पर जाम से परेशान रहते हैं लोग : बलुआचट्टी मोहल्ला से निकलने पर मुख्य सड़क सप्ता रोड में आये दिन लगने वाले जाम से लोग परेशान रहते हैं। पार्किंग की सुविधा नहीं रहने से मुख्य सड़क पर लोग गाड़ी लगा देते हैं। इससे वहां पर बराबर जाम लगता है। इससे मोहल्ले के लोगों को परेशानी होती है। उधर मोहल्ले के बाबा अवध बिहारी मंदिर के समीप ट्रांसफॉर्मर से पार्किंग में लोगों को परेशानी होती है।
मोहल्ले में नहीं है यूरिनल व सार्वजनिक शौचालय: बलुआचट्टी मोहल्ले में एक भी यूरिनल और सार्वजनिक शौचालय नहीं है। इससे मोहल्ले के लोगों को अधिक परेशानी होती है। दूर दराज से बाजार करने आयी महिलाओं और राहगिरों को यूरिनल के लिए सबसे अधिक परेशानी होती है। जबकि कई कारोबारी का गोदाम इसी रोड एरिया में है। नगर निगम द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। बलुआ चट्टी को सुंदर मोहल्ला बनाने की जरूरत: मधुबनी, शहर के बलुआ चट्टी मोहल्ला को सुंदर मोहल्ला बनाने की जरूरत है। ताकि कहीं से भी कोई इस मोहल्ले आये तो मन खुश हो जाय। मोहल्ले के राहुल कुमार, दुर्गेश कुमार ने बताया कि मोहल्ला में सभी अच्छे लोग हैं। मोहल्ले में एक अवध बिहारी मंदिर भी है। जहां सालोभर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होते रहता है।
जरूरत है सिर्फ मोहल्ले को सुंदर बनाने की। महानगरों की तरह यहां सभी प्रकार की सुविधा, सड़क किनारे फूल के पेड़, रंग-बिरंगे बल्व और मंदिर के समीप नगर निगम को एक फव्वारा बनाना चाहिए ताकि बच्चों के साथ बुजुर्ग भी शाम में कुछ देर वहां शांति से बैठ सके । सड़क पर बिजली के पोल रहने से होती है वाहन चालकों को परेशानी बलुआचट्टी मोहल्ला में सड़क पर बिजली के कई पोल है।
जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। बिजली विभाग द्वारा इन पोल और ट्रांसफार्मर को नहीं हटाया जा रहा है। इससे बराबर सड़क जाम के साथ वाहनों को पार्किंग एवं साइड लेने में भी परेशानी होती है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बिजली विभाग एवं नगर निगम को इस ओर ध्यान देना चाहिए। बाबा अवध बिहारी मंदिर के समीप ट्रांसफार्मर से पार्किंग में लोगों को परेशानी होती है।
मधुबनी, शहर के वार्ड नंबर 26 बलुआ चट्टी स्थित अवध बिहारी बाबा मंदिर आस्था का केंद्र है। यहां सालोभर कोई न कोई कार्यक्रम होते रहता है। कभी अखंड रामायण पाठ तो कभी श्रीमद्भागवत कथा होता है। जिसमें पूरे मोहल्ले के लोग भाग लेते है।
यहां राम दरबार , महादेव सहित कई देवी देवताओं की भव्य प्रतिमा है। अभी यहां वृंदावन के कथा वाचक डॉ सत्यनारायण दास जी श्रीमद भागवत की कथा कहते है। जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेते है। मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम से मंदिर परिसर में बड़ा यात्री शेड निर्माण की मांग की है।
ताकि यहां पर होने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम और पूजा पाठ में लोगों को सुविधा हो। ———-बोले जिम्मेदार————- शहर के बलुआचट्टी मोहल्ला एवं उसके आसपास में अधूरे नाला की समस्या को कम्पलीट किया जाएगा। रोड की सफाई नियमित रूप से की जाती है। लोगों की समस्या को लेकर नगर निगम संवेदनशील है। मोहल्ले की सभी समस्याओं के निदान का प्रयास किया जाएगा। -अनिल कुमार चौधरी , नगर आयुक्त, मधुबनी
