Featured

जन सुराज की नेता प्रतिभा सिंह के घर में चोरी:दरभंगा में नेता ने कहा- चांदी के 60 सिक्के गायब, 35 हजार कैश भी ले भागे बदमाश।

दरभंगा के बलभद्रपुर मुहल्ला में चोरों ने लाखों रुपए मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने जन सुराज की नेता प्रतिभा सिंह के मायके और उनके चाचा शशि भूषण सिंह के घर को निशाना बनाया।

प्रतिभा सिंह ने बताया कि चोरी के सामान में लगभग 35 हजार रुपए नकद है। इसके अलावा सोने की चैन, कान की बाली, सोने का ब्रेसलेट, गहने, चांदी के चार गिलास, लगभग 60 चांदी के सिक्के, पायल व अन्य कीमती धातु की वस्तुएं, कपड़े व बर्तन शामिल हैं।

नेता ने कहा कि घर के सभी सदस्य पिछले कई महीनों से मुंबई में रह रहे थे। उनके बड़े चाचा-चाची सात-आठ महीने पहले मुंबई चले गए थे और छोटे चाचा भी गणपति पूजा के अवसर पर मुंबई गए हुए थे। इस वजह से घर खाली था और चोरों ने इसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

चोर के पहले से रेकी करने की आशंका

उन्होंने यह भी बताया कि चोरी की घटना से एक दिन पहले उनके ड्राइवर की साइकिल भी उनके कैंपस से चोरी हो गई थी, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोर पहले से इलाके की रेकी कर रहे थे।

स्थानीय निवासी प्रभात कुमार ने कहा कि बलभद्रपुर मुहल्ला घनी आबादी वाला और सुरक्षित इलाका माना जाता है।अब तक इस तरह की कोई बड़ी घटना यहां नहीं हुई थी। ऐसे में चोरी की यह वारदात लोगों के बीच दहशत और असुरक्षा की भावना बढ़ा रही है।

लाखों की संपत्ति की चोरी

घर के मालिक राजेश मोहन सिंह ने लहेरियासराय थाना में आवेदन देकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में कहा गया है कि उनके चाचा शशि मोहन सिंह का पूरा परिवार मुंबई में था और घर पूरी तरह से खाली था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने लाखों की संपत्ति चोरी कर ली।

 

थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस मुहल्ले में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा किया है। FSL की टीम मौके पर पहुंच कर सैंपल कलेक्ट कर ले जायेगी। घटना स्थल से एक नकाब और एक घड़ी बरामद की गई है। घड़ी काफी कीमती लग रही है।

चोरी की इस वारदात ने बलभद्रपुर जैसे घनी आबादी वाले सुरक्षित मुहल्ले में रहने वाले लोगों की नींद उड़ा दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *