Featured

उमगांव बाजार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग:मधुबनी में 8 फल की दुकानें जलकर राख, कर्ज लेकर माल मंगाए थे दुकानदार।

मधुबनी के हरलाखी प्रखंड स्थित उमगांव बाजार चौक पर सोमवार की रात करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग में 8 फल की दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गई। दुकानों में रखे फल, नगद राशि और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। इससे दुकानदारों को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। रात में अचानक दुकानों से धुआं और लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टी, पाइप और हैंडपंप से आग बुझाने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही हरलाखी थाना पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक सभी दुकानें जल चुकी थीं।

कर्ज लेकर माल मंगाए थे दुकानदार

दुकानदारों ने बताया कि त्योहार को देखते हुए कई लोगों ने कर्ज लेकर माल मंगाया था। आग से सबकुछ खत्म हो गया और अब वे सड़क पर आ गए हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित दुकानदारों को मुआवजा देने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में बिजली के तार जर्जर हैं। कई बार बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद सुधार नहीं किया गया। अग्निशमन विभाग ने आग लगने का प्राथमिक कारण बिजली की शॉर्ट सर्किट बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *