Featured

6 घंटे लेट सहरसा पहुंची गरीब रथ एक्सप्रेस:वापसी ट्रेन भी 5 घंटे देरी से खुलने की आशंका, यात्री बोले-देरी के कारण काम होते प्रभावित।

सहरसा से नई दिल्ली होते हुए अमृतसर तक जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस रविवार को निर्धारित समय से करीब छह घंटे विलंब से सहरसा पहुंची। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार 12204 अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस रविवार को तय समय की बजाय शाम करीब साढ़े पांच बजे सहरसा जंक्शन पहुंची।

स्टेशन पर ट्रेन के समय पर आने की उम्मीद में पहुंचे यात्रियों को घंटों तक प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा। ट्रेन के विलंब से पहुंचने के कारण सहरसा से अमृतसर के लिए रवाना होने वाली 12203 गरीब रथ एक्सप्रेस के भी लेट होने की संभावना है। यह ट्रेन अपने तय समय, रविवार दोपहर 2:30 बजे सहरसा से खुलनी थी।

ट्रेन का इंतजार करते यात्री।

रेलवे सूत्रों के अनुसार इसके करीब पांच घंटे विलंब से खुलने की आशंका है। इससे सहरसा से आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। यात्रियों ने बताया कि गरीब रथ एक्सप्रेस के लेट होने की समस्या नई नहीं है।

घंटों की देरी से पहुंचती गाड़ी

स्टेशन पर इंतजार कर रहे यात्री राजेंद्र, सुरेंद्र, काजल समेत अन्य ने कहा कि यह ट्रेन अक्सर निर्धारित समय से घंटों देरी से पहुंचती है। इसके कारण यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ता है। कई बार कनेक्टिंग ट्रेनों या अन्य साधनों से भी वंचित रहना पड़ता है।

स्थानीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से गरीब रथ एक्सप्रेस के समय में सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार लेट होने से न सिर्फ यात्रियों का समय बर्बाद होता है, बल्कि मानसिक और शारीरिक थकान भी बढ़ती है। उन्होंने ट्रेन संचालन में सुधार और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।

गरीब रथ एक्सप्रेस लंबे रूट की ट्रेन है, जो रास्ते में कई बड़े स्टेशनों से गुजरती है। एक स्थान पर हुई देरी का असर पूरी यात्रा पर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *