समस्तीपुर में झोलाछाप डॉक्टर के चक्कर में महिला की मौत।
समस्तीपुर में झोलाछाप डॉक्टर के चक्कर में एक महिला की जान चली गई। इंजेक्शन देने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना अंगार थाना क्षेत्र के रामपुर समथु गांव की है।
मृतका की पहचान सुल्तानपुर गांव निवासी नवीन सिंह की पत्नी खुशबू कुमारी(25) के तौर पर हुई है। चाचा रामनिवास सिंह ने बताया, ‘मेरी भतीजी 16 जून को अपने ससुराल सुल्तानपुर से मायके आई थी। सर्दी-खांसी की शिकायत के बाद गांव के कंपाउंडर विमलेश कुमार को बुलाया था। उसने आते ही एक इंजेक्शन लगा दिया। जिसके बाद खुशबू की हालत खराब हो गई।’
ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर विमलेश ने अपने भाई को बुला लिया। उसने फिर एक सूई लगा दी। इसके बाद भी राहत नहीं मिली। डांटने पर कहा कि पेशेंट को प्राइवेट अस्पताल लेकर चलिए। लेकिन बीच रास्ते से ही वो फरार हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पति के आने के बाद पोस्टमार्टम
रामनिवास सिंह ने आगे कहा कि घटना 18 जून की है। भतीजी का पति नवीन दिल्ली में रहता है। सूचना देने के बाद 19 जून को पहुंचे। जिसके बाद मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
मैनेज करने के लिए रुपए का दिया ऑफर
नवीन ने बताया, ‘पत्नी की मौत के बाद झोलाछाप डॉक्टर ने मामला रफा-दफा करने के लिए पैसे का भी ऑफर दिया था। इसके पहले भी उसके इलाज से गांव के कई लोगों की मौत हो चुकी है। पैसे के बल पर हमेशा केस को मैनेज कर लेता है। विमलेश और उसका भाई क्लिनिक बंद करके फरार है। सेटल करने के लिए दबाव बना रहा है।’
केस दर्जकर जांच में जुटी पुलिस
अंगार घाट थानाध्यक्ष शिव ज्योति कुमारी ने बताया, ‘परिवार वालों का आरोप है कि गलत दवा दिए जाने के कारण महिला की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चलेगा। पीड़ित परिवार ने आवेदन दिया है। जिसके आधार पर FIR दर्जकर छानबीन की जा रही है।’
