बिहार चुनाव से पहले भाजपा को लगा झटका, विधानसभा से विधायक मिश्रीलाल की सदस्यता रद्द।
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी मे जुटी भाजपा को आज बड़ा झटका लगा है। विधानसभा से पार्टी के विधायक मिश्रीलाल यादव की सदस्यता को रद्द कर दिया गया है। मिश्री लाल यादव को कुछ दिन पहले दरभंगा कोर्ट ने सजा सुनाई थी। जिसके बाद से ही उनकी सदस्यता रद्द होने की संभावना जताई जा रही थी।
अदालत ने 27 मई 2025 को मिश्री लाल को दोषी मानते हुए दो साल की सजा सुनाई. इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त करने की अधिसूचना जारी की है।
पांच साल पुराना मामला
पूरा मामला दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड के समैला गांव से जुड़ा है। गांव के रहने वाले निवासी उमेश मिश्रा ने 30 जनवरी 2019 को एफआईआर दर्ज करवाई थी. शिकायत के मुताबिक, 29 जनवरी की सुबह उमेश मिश्रा जब टहल रहे थे, तभी कदम चौक पर मिश्री लाल यादव, सुरेश यादव और 20-25 अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी. जब उमेश ने इसका विरोध किया, तो मिश्री लाल ने फरसे से उनके सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. साथ ही सुरेश यादव ने लाठी और रॉड से मारपीट की और उमेश की जेब से 2300 रुपये निकाल लिए
मिश्री लाल 2020 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की घटक पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर जीतकर विधायक बने थे. बाद में उन्होंने वीआईपी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था.
