Featured

टारगेट पर नक्सल टॉप कमांडर! आईजी ने झारखंड-बिहार के टॉप अधिकारियों के साथ बनाई रणनीति।

झारखंड और बिहार के पुलिस अधिकारियों की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं. नक्सलियों और अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा.

झारखंड और बिहार के टॉप पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक करते पलामू आईजी.

पलामू:मई के महीने में पलामू जोन में नक्सलियों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई हुई है. इस कार्रवाई में कई टॉप कमांडर मारे गए हैं और पकड़े गए हैं. पुलिस एक बार फिर से नक्सली टॉप कमांडरों को टारगेट करने वाली है. पलामू के आईजी सुनील भास्कर इस संबंध में मंगलवार को झारखंड और बिहार के टॉप पुलिस अधिकारियों और केंद्रीय सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ बैठक की.

बैठक में नक्सलियों और अपराधियों को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए हैं. बैठक में पलामू रेंज के डीआईजी नौशाद आलम, सीआरपीएफ के डीआईजी पंकज कुमार, बिहार के गया के एसएसबी के डीआईजी मनवेंद्र नेगी, पलामू एसपी रीष्मा रमेशन, गढ़वा एसपी अमन कुमार, लातेहार एसपी कुमार गौरव समेत सीआरपीएफ और पुलिस के कई टॉप अधिकारी शामिल हुए थे.

जानकारी देते पलामू आईजी सुनील भास्कर.
चलाया जाएगा इंटर स्टेट अभियान

बैठक में नक्सलियों के खिलाफ इंटर स्टेट अभियान और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कई बिंदुओं पर चर्चा हुई है. बचे हुए नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए इंटर स्टेट और इंटर डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टास्क फोर्स गठन किया गया है. वैसे लोग जो जमानत पर जेल से बाहर निकले हैं उनपर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है.

आईजी ने दी जानकारी

आईजी सुनील भास्कर ने बताया कि बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा हुई है. नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाने के साथ-साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पर सहमति बनी है. बचे हुए नक्सलियों के कमांडरों को टारगेट करने के लिए कहा गया है और उनके खिलाफ स्पेशल रणनीति बनाई जा रही है.

जेल से बाहर निकलने वाले अपराधियों की होगी निगरानी

नक्सल संगठनों के टॉप कमांडरों से आत्मसमर्पण करने की भी अपील की जा रही है. आईजी ने बताया कि जेल से बाहर निकलने वाले अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. पलामू, गढ़वा और लातेहार में वारंटों के निष्पादन समय कई मामलों में कार्रवाई करने को कहा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *