Featured

बेगूसराय : बेगूसराय में दुर्गा पूजा के बाद हिंसा, दो दर्जन लोगों ने आरोपी के घर किया हमला, पुलिस जांच में जुटी 

बेगूसराय में दुर्गा पूजा के बाद हिंसा, दो दर्जन लोगों ने आरोपी के घर किया हमला, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित का कहना है कि करीब सात महीने पहले पड़ोसी गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें उन्हें झूठा फंसा दिया गया था. उन्होंने बताया कि वह इस मामले में छह महीने तक जेल में रहे और 12 दिन पहले ही जमानत पर रिहा होकर घर आए थे.

 

बेगूसराय: बेगूसराय में दुर्गा मूर्ति विसर्जन की शाम एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां करीब दो दर्जन लोगों ने हत्या के आरोपी कपिल देव राय के घर में घुसकर उनके परिवार के साथ जमकर मारपीट की. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में दिख रहा है कि एक व्यक्ति को घर के बाहर से घसीटकर बरामदे में लाया गया और फिर उसकी पिटाई शुरू कर दी गई. जब परिवार के सदस्य उसे बचाने पहुंचे, तो उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटा गया. हालांकि, परिवार ने भी बचाव में लाठी-डंडों से हमलावरों का मुकाबला किया, जिसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले.

जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना 14 अक्टूबर की शाम नीमाचांदपुरा थाना क्षेत्र के कुसमहौत पंचायत में हुई. इस मारपीट में कपिल देव राय, दीपक राय, अमन कुमार और सिमरन कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल कपिल देव राय ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ घर में बैठे थे, तभी मूर्ति विसर्जन के जुलूस में शामिल होकर लगभग दो दर्जन लोग उनके घर में घुस आए और सभी की पिटाई शुरू कर दी. कपिल देव राय के अनुसार सात महीने पहले पड़ोसी गांव में एक युवक की हत्या के मामले में उन्हें झूठा फंसाया गया था, जिसके कारण वे छह महीने जेल में रहे. 12 दिन पहले ही जमानत पर रिहा हुए थे, लेकिन मृतक के परिजन और उनके साथी उनके घर पर हमला करने आए. इसके अलावा घटना की सूचना मिलते ही नीमाचांदपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. कपिल देव राय ने जर्मन राय समेत कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है. वहीं, आरोपी बनाए गए जर्मन राय ने आरोप को झूठा बताया और कहा कि घटना में उनके परिवार का कोई सदस्य शामिल नहीं था और सीसीटीवी फुटेज में भी इसका सबूत मिल जाएगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *