भारतमाला परियोजना के निर्माण कैंप स्थित आयोजित शिविर का डीएम ने किया निरीक्षण

जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने आज भारतमाला परियोजना के निर्माण कैंप स्थित शिविर, बेला नवादा, दरभंगा का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में रैयतों से संबंधित भूमि दस्तावेजों की जांच, दस्तावेजों के अद्यतीकरण, भूमि स्वामित्व प्रमाण-पत्र (एलपीसी) के निर्गमन तथा भू-अर्जन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अंचलाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता (राजस्व) से भू-अर्जन की वर्तमान स्थिति, रैयतों के दस्तावेजों के सत्यापन तथा मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-अर्जन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने शिविर में उपस्थित रैयतों से सीधे वार्ता भी किया तथा उनकी भूमि, भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान से संबंधित समस्याओं, मांगों एवं सुझावों की जानकारी ली। रैयतों द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं को उन्होंने गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैयतों की समस्याओं का यथासंभव शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा जिन मामलों में अतिरिक्त दस्तावेज या प्रक्रिया की आवश्यकता है, उसकी जानकारी संबंधित रैयत को स्पष्ट रूप से दी जाए।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला भू अर्जन पदाधिकारी रवि प्रकाश एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
