22 जुलाई को दरभंगा के 18 परीक्षा केंद्रों पर होगी बिहार पुलिस रेडियो वितंतु एएसआई (प्रचालक) प्रारंभिक लिखित परीक्षा
अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर ने केंद्राधीक्षकों एवं स्टैटिक दंडाधिकारियों को दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
बिहार पुलिस रेडियो वितंतु, बिहार, पटना में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद पर नियुक्ति हेतु आयोजित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रेक्षागृह, दरभंगा में केंद्राधीक्षकों एवं स्टैटिक दंडाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर ने की।
उन्होंने बताया कि यह परीक्षा 22 जुलाई 2026 (बुधवार) को जिला मुख्यालय स्थित 18 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

अपर समाहर्ता ने बताया कि परीक्षार्थियों को पूर्वाह्न 9:30 बजे से 10:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी सर्विलांस तथा बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बायोमेट्रिक सत्यापन कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।बैठक में सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्र पर आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ परीक्षा से एक दिन पूर्व पूर्ण कर ली जाएँ तथा परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं हो।
उन्होंने कहा कि परीक्षा का संचालन पूर्णतः स्वच्छ, पारदर्शी, कदाचारमुक्त एवं कुशलतापूर्वक किया जाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी केंद्राधीक्षक समय रहते प्रशिक्षण बैठक आयोजित कर परीक्षा में प्रतिनियुक्त वीक्षकों एवं अन्य कर्मियों को आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई निर्देश पुस्तिका के सभी दिशा-निर्देशों से अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे।

अपर समाहर्ता ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त सभी वीक्षकों, ऑपरेटरों एवं अन्य कर्मियों की पहचान एवं जांच भली-भांति कर लें तथा उन्हें उनके दायित्वों के संबंध में स्पष्ट रूप से प्रशिक्षित करें।उन्होंने कहा कि वीक्षक परीक्षा अवधि के दौरान अभ्यर्थियों की पुनः फ्रिस्किंग, उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी, परीक्षा कक्ष में निरंतर चहलकदमी, अनुचित गतिविधियों को तत्काल रोकने तथा बिना उचित कारण परीक्षा कक्ष से बाहर नहीं जाने सहित आयोग के सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त सभी वीक्षक एवं अन्य कर्मी पूर्वाह्न 7:00 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक 24 अभ्यर्थियों पर एक वीक्षक तथा प्रत्येक अतिरिक्त 24 अभ्यर्थियों पर एक अतिरिक्त वीक्षक की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
अपर समाहर्ता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना वैध प्रवेश-पत्र एवं फोटो पहचान-पत्र के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय संबंधित स्टैटिक दंडाधिकारी स्वयं परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर उपस्थित रहेंगे तथा सभी अभ्यर्थियों की भौतिक जांच सुनिश्चित कराएंगे।
प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। पुरुष अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग पुरुष पुलिसकर्मी तथा महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिसकर्मी द्वारा कराई जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग पूर्णतः कवर्ड एरिया में कराई जाएगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सहायक केंद्राधीक्षक अथवा अधिकृत वीक्षक लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार घोषणा करेंगे कि कोई भी परीक्षार्थी किसी प्रकार की लिखित सामग्री, प्रवेश-पत्र पर लिखे नोट्स, सादा कागज, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा अन्य किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करें।
बैठक के अंत में अपर समाहर्ता श्री सलीम अख्तर ने सभी केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों से आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया।
