Wednesday, September 9, 2026
Latest:
Featuredदरभंगाप्रादेशिक

पंचायती करने आए उपसरपंच पति को बदमाशों ने मारी गोली, बेगूसराय में सनसनीखेज वारदात।

बेगूसराय में प्रशासन की लाख कड़ाई के बाद भी गोलीबारी का सिलसिला लगातार जारी है। बीती रात भी बेखौफ अपराधियों ने पंचायती के लिए बुलाकर उप सरपंच पति को गोली मार दिया।

घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के साहेबपुर कमाल पश्चिमी पंचायत वार्ड नंबर दो की है। स्थानीय निवासी बंगाली प्रसाद यादव के पुत्र चंदेश्वरी यादव को घायल अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। समाचार भेजे जाने तक गोली पीठ में फंसी हुई है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रात में रुपयों के लेनदेन को लेकर पंचायत करने के लिए महेश तांती ने उप सरपंच पति को बुलाया था। इसी दौरान कैलू यादव के पुत्र अमित यादव नाम का अपराधी पीठ में गोली मारकर फरार हो गया। गोली लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया।

इसके बाद आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोली मारने वाला अपराधी अमित यादव संदिग्ध प्रवृत्ति का है। कुछ दिन पहले ही शराब मामले में जेल से वापस आया है। उसने उप सरपंच पति को ही जेल भेजने का जिम्मेदार मानकर गोली मारी है।

एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि रात में पंचायत करने के दौरान अमित कुमार यादव द्वारा उप सरपंच पति चंदेश्वरी यादव को गोली मारने की सूचना मिली है। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी ने बताया कि थाना द्वारा घटना का सत्यापन किया गया। आरोपित अमित कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापामारी चल रही है। फिलहाल वकील यादव एवं बिट्टू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। मुख्य आरोपित को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *