Featured

डॉ मनोज कुमार ने ग्रहण किया विश्वविद्यालय के चीफ विजिलेंस ऑफिसर का पदभार

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के बतौर मुख्य सतर्कता अधिकारी (चीफ विजिलेंस ऑफिसर) का प्रभार उप-परीक्षा नियंत्रक (तकनीकी व व्यावसायिक शिक्षा) सह राजनीति विज्ञान विभाग के वरीय सहायक आचार्य डॉ मनोज कुमार ने कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हांसदा के समक्ष ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहणोपरांत डॉ मनोज कुमार ने कहा कि कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी के प्रति हार्दिक आभार प्रकट करता हूँ कि उन्होंने मुझे यह दायित्व सौंपकर मुझ पर भरोसा जताया है। विश्वविद्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी के रूप में दायित्व ग्रहण करना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। राज्यपाल-सह-

कुलाधिपति की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों तथा उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप मेरा प्रयास होगा कि विश्वविद्यालय में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं सुशासन की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। विशेष रूप से परीक्षा-प्रणाली की निष्पक्षता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही सतर्कता एवं अनुशासन संबंधी मामलों के त्वरित एवं न्यायसंगत निष्पादन को प्राथमिकता दी जाएगी। कहा कि विश्वविद्यालय केवल ज्ञान का केन्द्र नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों और संस्थागत विश्वास का भी प्रतीक है। इसलिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं परीक्षा संबंधी गतिविधि उच्चतम स्तर की ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संचालित हो। इस दिशा में सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से एक सशक्त और विश्वासपूर्ण कार्य-संस्कृति विकसित करने का प्रयास किया जाएगा तथा उत्कृष्टता, पारदर्शिता और नैतिक प्रशासन के नए मानकों को स्थापित किया जायेगा।

इस मौके पर परीक्षा नियंत्रक डॉ मो इंसान अली, उप-कुलसचिव प्रथम डॉ उमाकांत पासवान, उप-कुलसचिव द्वितीय डॉ कुमार मनीष, कुलानुशासक प्रो विजय कुमार यादव व राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ अनिल कुमार चौधरी, डॉ रघुवीर कुमार रंजन, सूरज कुमार चौधरी, सुमित कुमार, चंदन कुमार आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *