सहरसा में नगर निगम के सफाई कर्मियों का विरोध:श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन, OPS समेत 5 मांगें रखीं।
सहरसा नगर निगम के सफाई कर्मियों ने बुधवार को कार्यालय के सामने एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ 5 प्रमुख मांगें रखी हैं।
कर्मचारियों की पहली मांग श्रमिक विरोधी ‘लेबर कोड’ को रद्द करने की है। उनका कहना है कि इससे श्रमिकों के अधिकारों में कटौती हो रही है। दूसरी मांग में देशभर के दैनिक, संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मियों को नियमित करने की बात कही गई है।
तीसरी मांग में केंद्र सरकार के तीन नए फौजदारी कानूनों को रद्द करने की मांग की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि ये कानून जनता की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित करते हैं।
चौथी मांग राष्ट्रीय पेंशन योजना और यूनिफाइड पेंशन स्कीम को समाप्त करने की है। पांचवीं मांग में पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की बात कही गई है। कर्मचारियों का मानना है कि OPS से ही सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानजनक जीवन मिल सकता है।
कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर इन मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे देशव्यापी आंदोलन तेज करेंगे।
