मधुबनी : दशहरा मेले से लौट रहे पिता-पुत्र की मौत, मां ने बेटे और अपने पति को दी मुखाग्नि
इस हादसे में महेश की पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए। अन्य दो घायलों में दूसरी बाइक पर सवार दो नेपाली युवक शामिल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महेश साह अपने पुत्र प्रिंस और पत्नी पवन देवी के साथ दुर्गा स्थान पिपराही परिसर में लगा मेला देखकर घर लौट रहे थे। इसी बीच पश्चिम से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने सामने से ठोकर मार दी। हादसे में महेश और प्रिंस की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। पवन देवी और बरियारपट्टी नेपाल के परमेश्वर राम और शिवशंकर राम जख्मी हो गए। उन्हें सीएचसी भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। परमेश्वर राम की स्थिति नाजुक बताई गई है। पवन देवी इलाज के बाद घर लौट गईं।
झलोन और पिपराही गांव के बीच एनएच-227 पर हादसे में बाइक सवार महथा गांव के महेश साह और उनके पुत्र प्रिंस कुमार की मौत हो गई। इस हादसे में जख्मी हुई पवन देवी इलाज के बाद वापस अपने घर लौट गईं। पवन देवी ने ही पति व पुत्र को मुखाग्नि दी। महेश साह राजमिस्त्री का काम करने के साथ मजदूरी करता था। प्रिंस उसका इकलौता पुत्र था। इनकी कोई पुत्री नहीं थी। अब उसके घर में पत्नी के अलावा कोई नहीं है। महेश अपने पुत्र और पत्नी के साथ दुर्गा स्थान पिपराही परिसर में मेला देखकर घर लौट रहे थे। इस घटना से पूरे गांव के लोग मर्माहत हैं।
