Featured

टेबल पर पैर, सिर में गमछा, थानेदार की कुर्सी पर बैठ मगही गाने पर बनाई रील, जानें फिर क्या हुआ।

थानेदार की कुर्सी पर बैठ मगही गाना पर बनी रील

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में थानेदार के चेंबर भी सुरक्षित नहीं हैं. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि साहेबपुर कमाल थाना में एक युवक ने थानेदार के चेंबर में घुसकर थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर मगही गाने पर रीलबनाई है. वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

थानेदार की कुर्सी पर बैठकर बनाई गई रील:वीडियो मगही गायक गुंजन सिंह के गाना ”डरवो नाही मगहिया के जवान”पर बनाया गया है. वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक कुर्सी पर आकर बैठता है और फिर अपने पैर को टेबल पर रखता है. उसके बाद कुर्सी से खड़ा हो जाता है. सिर में गमछा बांधकर घूम-घूम कर वीडियो बनाता है.

थानेदार की कुर्सी पर बैठकर बनाई रील 

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस: वायरल वीडियो सामने आने के बाद एसपी मनीष ने डीएसपी नेहा कुमारी को रील बनाने वाले युवक को गिरफ्तार करने का आदेश दिया था. आदेश मिलने के बाद थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने गैस एजेंसी ढाला के समीप से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है.

तीन युवकों को पुलिस ने धरा:गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार, अभिषेक कुमार (दोनों अलग-अलग), और दुर्गेश कुमार के रूप में हुई है. पहला अभिषेक कुमार चौकी गांव का निवासी है, जबकि दूसरा अभिषेक कुमार खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के नवादा गांव का रहने वाला है. वहीं, दुर्गेश कुमार बेलदौर थाना क्षेत्र के पनसलवा गांव का रहने वाला है.

देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद:पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से देशी कट्टा, एक कारतूस और जंजीर लगा स्टील का पाइप बरामद किया है. प्रारंभिक जांच में पता चला कि जब थाना अध्यक्ष वहां मौजूद नहीं थे, तब युवकों ने वीडियो बनाया. आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया है कि वे किसी काम से थाना आए थे और मौका देखते ही थाना अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर वीडियो बना लिया.

”सोशल मीडिया के माध्यम से हम लोगों को वीडियो मिला था. जांच करने पर पाया कि दो लड़के किसी काम से थाना आए थे, तभी थानाध्यक्ष का चेंबर खाली देखकर चुपके से चेंबर में घुसकर रील बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. जांच के आधार पर सत्यापन करते हुए आगामी कार्रवाई की जा रही है”.नेहा कुमारी, डीएसपी, बलिया अनुमंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *