बिहार : साइबर सुरक्षा थीम पर ‘बिहार पुलिस सप्ताह’ का शुभारंभ:CS ने किया उद्घाटन, बोले- विभाग में कई बदलाव हुए हैं, अभी 2.29 लाख पद सृजित
CS ने किया उद्घाटन, बोले- विभाग में कई बदलाव हुए हैं, अभी 2.29 लाख पद सृजित
साइबर सुरक्षा थीम पर पूरे राज्य में ‘बिहार पुलिस सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। जो 27 फरवरी तक चलेगा। पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन में मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने समारोह का उद्घाटन किया। इस मौके पर डीजीपी समेत पुलिस के बड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस मौके पर मुख्य सचिव ने बिहार पुलिस में हुए बदलाव की चर्चा की। अमृत लाल मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि पटना में सबसे पहले सरदार पटेल भवन को भूकंप रोधी बनाया गया था। 2005 में हमारे बिहार में कुल 40 से 45 हजार फोर्स थी। पुलिस के पास सिर्फ 1000 गाड़ियां थी। आज की स्थिति काफी अलग है। अभी बिहार पुलिस के 2.29 लाख पद सृजित हैं। मौजूदा समय पुलिस के पास 11,000 गाड़ियां हैं।
बिहार के मुख्य सचिव ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में स्पेशल सेशन की शुरुआत गृह मंत्रालय के विशेष सचिव प्रवीण वशिष्ठ के संबोधन से हुआ। फिर एनसीआईआईपीसी(नेशनल क्रिटिकल इंफॉर्मेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोटेक्शन सेंटर) के डीजी नवीन कुमार सिंह का संबोधन हुआ। इसके बाद आई4सी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार और साइबर एक्सपर्ट ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की।
27 फरवरी को होगा समापन
समारोह के दौरान 22 और 24 फरवरी को साइबर सुरक्षा पर विशेष सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। पांच दिवसीय आयोजन के दौरान नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता अभियान समेत अन्य कार्यक्रम होंगे। 25 फरवरी को पुलिसकर्मी रक्तदान शिविर लगाएंगे। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आई4सी (इंटीग्रेटेड साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर) के प्रमुख और साइबर एक्सपर्ट भी मौजूद रहेंगे। 27 फरवरी को पटना के मिथिलेश स्टेडियम में समापन किया जाएगा। यहीं पर भव्य परेड भी होगा।
