Featured

समस्तीपुर : पटना, समस्तीपुर समेत इन जिलों में बनेंगे पीपा पुल, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने दी मंजूरी

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के पथ निर्माण विभाग ने पटना, समस्तीपुर, वैशाली, भोजपुर, बक्सर और मधेपुरा जिले में नए पीपा पुल बनाने का निर्णय लिया है।

बिहार में 6 नए पीपा पुलों का निर्माण किया जाएगा। ये पुल पटना के अलावा समस्तीपुर, वैशाली, मधेपुरा, बक्सर और भोजपुर जिले में बनाए जाएंगे। डिप्टी सीएम एवं पथ निर्माण मंत्री विजय सिन्हा ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य में यातायात को सुगम बनाने के लिए इन पीपा पुल के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनके निर्माण के बाद पांच सालों तक इनकी स्थापना, रखरखाव, इन्हें खोलने और वापस लगाने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुगम यातायात के लिए पीपा पुल एक बड़ा माध्यम रहता है। नदियों में जलस्तर बढ़ने के समय इन पुलों को खोला जाता है और जलस्तर कम होने के बाद इन्हें पुन स्थापित किया जाता है। डिप्टी सीएम सिन्हा ने बताया कि आमजन को बरसात के तुरंत बाद यातायात के लिए पीपा पुल उपलब्ध हो सकेंगे।

पुल निर्माण निगम के प्रबंधन निदेशक को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि इन पुलों का त्वरित गति से गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कराना सुनिश्चित किया जाए। निर्माण अवधि में सत्त अनुश्रवण का भी निर्देश दिया गया है। विजय सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 2005 से लगातार पथ और पुल निर्माण के क्षेत्र में कई कार्य हुए हैं। बिहार के किसी भी जिले से पटना अब 5 घंटे में आना संभव हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *