Featured

मधुबनी : नगर निकाय जल जीवन हरियाली अभियान के तहत योजनाओं को समय से पूरा कराएं 

नगर निकाय जल जीवन हरियाली अभियान के तहत योजनाओं को समय से पूरा कराएं

कार्यक्रम . नगर निकायों के कार्यों व योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक, निर्देश दिए गए

मंगलवार को डीएम अरविंद कुमार वर्मा के कार्यालय कक्ष में नगर निकायों के कार्यों व योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने सभी नगर निकाय अधिक से अधिक सोख्ता निर्माण के साथ-साथ निजी मकानों में भी रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम निर्माण कार्य को प्रोत्साहित करें, ताकि अधिक से अधिक वर्षा जल संचयन किया जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले गर्मी के मौसम में नगर निगम के कई वार्डों में जलस्तर काफी नीचे चला गया था, ऐसी स्थिति में हमें अधिक से अधिक वर्षा जल का संचयन करना ही होगा।

 

डीएम ने निर्देश दिया कि सभी नगर निकायों में जल जीवन हरियाली अभियान के तहत चल रही योजनाओं को ससमय पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सभी नगर निकाय छत वर्षा जल संचयन को निजी घरों में भी प्रोत्साहित करें। इसको लेकर सभी नगर निकाय आम जनों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाना सुनिश्चित करें।

 

उन्होंने कहा कि वर्षा जल संरक्षण को लेकर सभी नगर निकाय लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करें। इसको लेकर सभी नगर निकाय आम जनों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने का निर्देश दिया। इससे लोगों में जागरूकता आएगी। डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सम्मन निधि योजना के समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया कि हर हाल में प्रतिमाह प्रगति देखनी चाहिए। उन्होंने पीएम सम्मन निधि योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के आलोक में तेजी से निष्पादन का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बैंक के साथ बैठक करें और सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन करें। डीएम ने कहा कि नगर निकायों में चल रही सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी सहजता के साथ आम जनता तक पहुंचे इसे हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हर हाल में मासिक बैठक में सभी नगर निकायों के कार्यों में प्रगति देखनी चाहिए अन्यथा जवाबदेही तय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उक्त बैठक में नगर आयुक्त नगर निगम मधुबनी अनिल चौधरी आदि मौजूद रहे।

 

डीएम ने नगर निगम मधुबनी सहित विभिन्न नगर पंचायत एवं नगर परिषदों में चल रही नल-जल योजना की समीक्षा के क्रम में ने निर्देश दिया कि आंशिक रूप से गड़बड़ी के कारण बंद पड़े नलजल योजना को अविलंब मरम्मती कर चालू करवाएं एवं उसका प्रतिवेदन जिला मुख्यालय में भी भेजे। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी नगर निकाय वार्ड बार छूटे हुए अवशेष घरों को चिन्हित करें और उन सभी घरों को नल जल योजना से आच्छादित करे।

उन्होंने निर्देश दिया कि अब तक जो भी वार्ड हस्तगत नहीं किए गए हैं उसे अविलंब हस्तगत करना सुनिश्चित करे, अन्यथा जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी छूटे हुए घरों को भी नल-जल योजना से आच्छादित करे। सभी नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वार्डों में नली-गली योजना को तेजी के क्रियान्वित कर ससमय पूर्ण करें। आंशिक गड़बड़ी दूर कर नल जल योजना के तहत जलापूर्ति कराएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *