बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बेनीपुर अनुमंडलीय स्वास्थ्य केंद्र में मनाया गया “बेटी जन्मोत्सव”
नवजात बालिकाओं के परिजनों को बेबी किट देकर किया गया सम्मानित, बेटियों के सम्मान और समान अधिकार का दिया गया
महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत मंगलवार को दरभंगा जिले के अनुमंडलीय स्वास्थ्य केंद्र, बेनीपुर में “बेटी जन्मोत्सव”एवं जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट डॉली कुमारी एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार द्वारा कुल 04 नवजात कन्या शिशुओं के परिजनों को बेबी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना, लिंगानुपात में सुधार लाना तथा बालिकाओं के समान एवं सम्मानजनक पालन-पोषण और उनके अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान नवजात बालिकाओं एवं उनके परिवारों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बालिकाओं की माताओं एवं अभिभावकों को बेबी किट गिफ्ट पैक प्रदान कर उन्हें बधाई दी गई तथा बालिका जन्म को उत्सव के रूप में मनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर 0 से 6 माह तक के बच्चों के लिए स्तनपान, नियमित टीकाकरण, संतुलित पोषण, बालिका शिक्षा एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी साझा की गईं। उपस्थित लोगों को बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें समान अवसर प्रदान करने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधक, बीसीएम, आशा कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएँ एवं समुदाय के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय सहभागिता की।

जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से समाज में “बेटी बोझ नहीं, परिवार और समाज की शक्ति है” तथा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”का सकारात्मक संदेश व्यापक रूप से प्रसारित किया गया।
