ओम प्रकाश राजभर ने की मायावती को पीएम कैंडिडेट बनाने की मांग, बताया कैसे अखिलेश कर रहे बीजेपी की मदद।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को राजभर ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को विपक्ष के प्रधान मंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में सामान्य वर्ग और पिछड़े वर्गों के प्रधान मंत्री रहे हैं लेकिन कोई दलित पीएम नहीं रहा है। राजभर ने अपने पूर्व सहयोगी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भाजपा की गुप्त रूप से मदद करने का भी आरोप लगाया और उनसे पूछा कि वह बसपा, कांग्रेस या एसबीएसपी जैसी पार्टियों के साथ दूसरा मोर्चा क्यों नहीं बना रहे हैं?
गाजीपुर जिले के जहूराबाद के विधायक ओपी राजभर ने गुरुवार को द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “सामान्य वर्ग के लोग पीएम रहे हैं और अब एक पिछड़े समुदाय का व्यक्ति पीएम पद संभाल रहा है। फिर विपक्ष किसी दलित चेहरे को सामने क्यों नहीं रखता? एक ऐसा समुदाय जिसका कभी कोई पीएम ही नहीं रहा? मायावती से बड़ा कोई दलित चेहरा नहीं है। उन्हें या तो नीतीश कुमार को पीएम चेहरे के रूप में घोषित करना चाहिए या उन्हें दूसरा मोर्चा बनाना चाहिए।
मायावती द्वारा विपक्षी नेताओं से मिलने से इनकार करने और अकेले चुनाव लड़ने की जिद के बारे में पूछे जाने पर ओपी राजभर ने कहा, “उन सभी को मायावती के पास जाना चाहिए और कहना चाहिए कि हम आपको पीएम उम्मीदवार के रूप में चाहते हैं। अगर ये नेता इस प्रस्ताव के साथ चले गए तो कौन सा नेता ना कहेगा? विपक्षी नेताओं द्वारा इसका प्रस्ताव क्यों नहीं दिया जा रहा है?
