युवक ने शिक्षक से थप्पड़ मारने का लिया ऐसा बदला…..
बिहार के भोजपुर जिले में एक शिक्षक को एक युवक को थप्पड़ मारना भारी पड़ गया। भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के डाकघर के पास रविवार दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने बाइक से जा रहे एक शिक्षक को गोली मार दी।
23 वर्षीय शिक्षक लवकुश कुमार सिंह को बाएं हाथ में गोली लगी है। गोली हाथ के आरपार हो गई है। उन्हें डीएम कोठी रोड स्थित आरा इमरजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लवकुश कुमार सिंह वह उदवंतनगर के रहने वाले निवासी पिंटू सिंह के बेटे हैं। वह गांव में ही कोचिंग चलाते हैं। घटना के पीछे पांच दिन पूर्व बाइक से ठोकर लगने के बाद शिक्षक द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने की बात सामने आ रही है।
उदवंतनगर थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के अनुसार, दुर्गा पूजा में मूर्ति विसर्जन के दौरान उपजे विवाद के प्रतिशोध में गोली मारी गई है। घायल शिक्षक के बयान पर छोटू सिंह, उसके पिता शिवजी सिंह एवं मां समेत पांच के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी के पिता शिवजी सिंह और मां को गिरफ्तार कर लिया है। घायल लवकुश कुमार सिंह ने बताया कि पांच दिन पहले गांव के ही छोटू सिंह ने उन्हें बाइक से ठोकर मार दी थी। इस पर उन्होंने उसे दो तमाचे जड़ दिए थे। उस दिन बाद आई-गई हो गई थी।
रविवार की दोपहर जब वे अपने भाई के साथ बधार से बाइक पर पीछे बैठकर घर लौट रहे थे, उसी क्रम में छोटू अपने दो साथियों के साथ आ धमका और पीछे से उन्हें गोली मार दी।
उपचार कर रहे सर्जन डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि गोली लगने के कारण जख्मी का खून काफी मात्रा में बह गया है। उसकी स्थिति अभी स्थिर है। उसे 72 घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा।
