Featuredदरभंगाप्रादेशिक

बेखौफ दो युवकों ने एक ठेकेदार को नाम पूछकर मारी गोली; मौके पर ही हुई मौत।

बिहार के मोतिहारी में गैंग वार में एक ठेकदार की गोली मार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना मोतिहारी के चकिया थाना से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई। जहां खड़े एक ठेकेदार का नाम पूछ कर अपराधियों ने दो गोली मार दीं। उसके बाद घायल अवस्था में उसे लेकर शहर में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजन शव को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे हैं। मृतक की पहचान चकिया थाना के प्रोफेसर कॉलोनी के जगदीश यादव के बेटे राजीव कुमार के रुप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।

जानकारी के मुताबिक, राजीव कुमार इंजीनियर के साथ ठेकेदारी का काम करता था। राजीव को रविवार की अहले सुबह किसी का फोन आया। वैसे ही वह हाफ पैंट और टीशर्ट में चौक पर पहुंचा। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो लोगों ने आकर पहले राजीव से उसका नाम पूछा, फिर उस पर दो गोली दाग दीं। पहली गोली लगने के बाद राजीव अपराधी से भिड़ गया। लेकिन अपराधी ने दूसरी गोली भी मार दी। उसके बाद राजीव वहीं पर गिर गया। वहीं, दोनों अपराधी घटनास्थल से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल पड़े राजीव को लेकर मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चश्मदीद मनोज कुमार ने बताया कि राजीव चौक पर आने के बाद पेपर पढ़ रहे थे। उसी समय मोटर साइकिल से दो युवक आए और उन्हीं से पूछा कि राजीव भाई का घर कौन सा है। इन्होंने कहा कि क्या बात है तो अपराधियों ने कहा कि काम है। बार-बार पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मैं ही राजीव हूं। नाम बताते ही अपराधियों ने उनको गोली मार दी और मुजफ्फरपुर की ओर भाग गए।

चकिया एडीपीओ सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। घटनास्थल से गोली के खोखे मिले हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। परिजन अभी बदहवास हैं, कुछ बता नहीं पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *