Featuredदरभंगाप्रादेशिक

सतत अभ्यास, कठिन परिश्रम व नियमित क्लास से मिलती है सफलता: डॉ. कामेश्वर पासवान।

दरभंगा: बुधवार को स्थानीय महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय, दरभंगा में स्नातक प्रथम सेमेस्टर, सत्र:- 2023-2027 के वर्गारंभ के मौके पर प्रधानाचार्य प्रो. मो. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में परिचयात्मक क्लास का आयोजन हुआ।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य प्रो. मो. रहमतुल्लाह ने कहा कि आज स्नातक प्रथम सेमेस्टर, सत्र:- 2023-2027 का वर्गारंभ के मौके पर परिचयात्मक क्लास का आयोजन हो रहा है। हम यहां उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं से कहना चाह रहे हैं कि नई शिक्षा नीति में स्नातक के बदले हुए सीबीसीएस सिलेबस आप सभी में समग्रता लायेगा। आपके प्रतिभा व स्किल को निखारने में आने वाले दिनों में सीबीसीएस सिलेबस की अहम भूमिका साबित होगी। इसीलिए कोई भी छात्र इससे डरे नहीं बल्कि इसे समझे। जब एक बार आप इस सिलेबस को समझ लेंगे फिर पता चलेगा कि यह चार वर्षीय सीबीसीएस सिलेबस आधारित स्नातक, शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाएगी। यह सिलेबस आपके स्किल को विकसित करने को ध्यान में रखकर ही तैयार किया गया है। आगे उन्होंने विस्तार से इस पर प्रकाश डालते हुए सभी छात्र-छात्राओं को नियमित क्लास करने का सख्त निर्देश दिया।

मिथिला विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव प्रथम सह महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. कामेश्वर पासवान ने कहा कि आज महारानी कल्याणी महाविद्यालय छात्र-छात्राओं की पहली पसंद बनकर उभर रही है। यहां उपस्थित छात्र-छात्राओं को देखकर मन हर्षित हो उठा कि अब महारानी कल्याणी महाविद्यालय भी अव्वल महाविद्यालय के समकक्ष आकर आगे बढ़ रहा है। यहां के शिक्षकों व कर्मियों का छात्र-छात्राओं के प्रति व्यवहार फ्रेंडली है जो कि यह बताता है कि आज भी हिंदुस्तान की गुरुकुल की संस्कृति जीवंत है। साथ ही महाविद्यालय की मनमोहक ग्रीन कैंपस है जो इस महाविद्यालय को भव्यता प्रदान करता है। आप सभी अपने-अपने विभाग से संपर्क कर क्लास रूटीन नोट कर लें और कल से ससमय आकर अपना-अपना क्लास नियमित रूप से करें क्योंकि सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं होता है। सतत अभ्यास, कठिन परिश्रम व नियमित क्लास से ही सफलता मिलती है।

इस मौके पर महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य सह इंग्लिश विभागाध्यक्ष सह वरीय शिक्षक प्रो. परवेज अख्तर, महाविद्यालय के बर्सर सह भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. शम्से आलम, बिहार की प्रख्यात समाजशास्त्री सह समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सरोज चौधरी, महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक सह हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक प्रभात, जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद मिश्रा, महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक सह गणित विभागाध्यक्ष डॉ. रंजन कुमार ठाकुर सहित सभी अतिथि सहायक प्राध्यापकों ने भी नवनामांकित छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।

इस मौके पर सभी शिक्षकेत्तर कर्मी सहित दर्जनों छात्र-छात्रा उपस्थित थे। अंत में प्रधानाचार्य ने स्नातक प्रथम सेमेस्टर में नवनामांकित सभी छात्र-छात्राओं को बधाई व उज्ज्वल भविष्य का शुभकामनाएं प्रेषित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *