अभियान बसेरा के तहत पात्र परिवारों को गांव के समीप स्थित अंचल कार्यालय में ही वासभूमि के लिए आवेदन करने की अपील

जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने अभियान बसेरा के तहत पात्र परिवारों से अपील की है कि वे वासभूमि प्राप्त करने के लिए अपने गांव के समीप स्थित संबंधित अंचल कार्यालय में ही आवेदन जमा करें।
उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को अपनी वासभूमि संबंधी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से पटना अथवा जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि अभियान बसेरा के तहत पात्र परिवार अपने संबंधित अंचल कार्यालय में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन जमा करें तथा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए संबंधित अंचल कार्यालय एवं अधिकृत पदाधिकारियों से संपर्क करें।
उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से पटना अथवा जिला मुख्यालय नहीं आएं। अफवाहों से बचें और सही जानकारी अपनाएं। उन्होंने कहा कि अभियान बसेरा के संबंध में किसी व्यक्ति अथवा माध्यम से प्राप्त भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचालित कार्यों को मिशन मोड में लेते हुए पात्र लोगों की समस्याओं का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना न पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों का लाभ निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराना है। इसके लिए संबंधित अंचल स्तर पर प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि गलत एवं भ्रामक सूचना के माध्यम से आम लोगों को गुमराह करने तथा अनावश्यक भीड़ एकत्रित करने वाले तत्वों को चिन्हित किया जाए। ऐसे तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि अभियान बसेरा के तहत वासभूमि के लिए आवेदन अपने संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा करें।
