श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर निकली भव्य कलश यात्रा

सामाजिक समरसता, भाईचारा एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करेगा “श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान”27 अगस्त से 15 फरवरी तक प्रत्येक गुरुवार महादलित टोलों में आयोजित होगा “संत रविदास विकास शिविर”
युवाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से खेलकूद, साइकिल रैली, वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा श्याम मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया।
कलश यात्रा में माननीय नगर विधायक श्री संजय सरावगी, जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार, बिस्फी के माननीय पूर्व विधायक श्री हरिभूषण ठाकुर बचौल, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार गौरव, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री चंदन कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री संजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर दरभंगा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर कलश यात्रा का आयोजन किया गया है तथा जिले के सभी प्रखंडों के लिए कलश भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से “श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी पंचायतों के महादलित टोलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री गुरु संत रविदास जी के विचारों एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को “संत रविदास विकास शिविर” का आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से अनुसूचित जाति टोलों में रहने वाले आमजनों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच समानता, सद्भाव, सहयोग एवं सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत करना है।
इस अवसर पर माननीय नगर विधायक श्री संजय सरावगी ने कहा कि श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष पूरे देश के गांव-गांव में मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गुरु संत रविदास जी के विचारों एवं आदर्शों के माध्यम से समाज में समानता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारा एवं समरसता की भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान में युवाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें खेलकूद प्रतियोगिता, साइकिल रैली, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता सहित अन्य जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रम शामिल होंगे।

कार्यक्रम के माध्यम से श्री गुरु संत रविदास जी के समाज, सामाजिक एकता, भाईचारा एवं मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
