Featured

तिरंगा निर्माण से जीविका दीदियां दे रहीं समृद्ध बिहार और विकसित भारत का संदेश

जीविका दीदियों के हुनर से तैयार हो रहा तिरंगा, डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी के नेतृत्व में अभियान को मिल रही गति

18 प्रखंडों की हजारों जीविका दीदियां तिरंगा निर्माण में दिन- रात जुटीं,हुनर व श्रम से बढ़ा रहीं राष्ट्र गौरव

जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार के दिशा निर्देश एवं डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी के नेतृत्व में दरभंगा जिले की जीविका दीदियां हर घर तिरंगा अभियान-2026 में अपने हुनर, मेहनत और समर्पण के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की मिसाल पेश कर रही हैं।

जिले के सभी 18 प्रखंडों की हजारों जीविका दीदियां विभिन्न सिलाई केंद्रों के साथ-साथ अपने घरों में भी तिरंगा तैयार करने में जुटी हैं।

तिरंगा निर्माण उनके लिए रोजगार और अतिरिक्त आमदनी के साथ-साथ राष्ट्रसेवा में योगदान देने का अवसर भी बन गया है।जिला पदाधिकारी कौशल कुमार निरंतर तिरंगा निर्माण कार्य का जायजा लेते रहे और जीविका दीदियों को प्रोत्साहित किया।

उन्होंने दीदियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अपने हुनर और मेहनत से तिरंगा तैयार कर जीविका दीदियां राष्ट्रसेवा के साथ महिला सशक्तीकरण की प्रेरक मिसाल पेश कर रही हैं।उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल ने जीविका दीदियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप तिरंगा निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा निर्माण में गुणवत्ता और मानकों का पालन हमारी जिम्मेदारी है। जीविका दीदियां अपने हुनर और मेहनत से राष्ट्रसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं,जो गर्व की बात है।

 

डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी ने बताया कि जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले के प्रत्येक प्रखंड में लगभग 4,000 तिरंगे तथा जिला स्तर पर भी लगभग 4,000 तिरंगे तैयार किए जा रहे हैं।इस प्रकार जिले में कुल लगभग 76 हजार तिरंगे तैयार कर संबंधित विभागों एवं संस्थानों को उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। जीविका दीदियां निर्धारित मानकों, गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए तिरंगा निर्माण में जुटी हैं।

डीपीएम डॉ.गार्गी ने बताया कि हाल के दिनों में जिले के 18 प्रखंडों के विभिन्न ग्राम संगठनों में हजारों जीविका दीदियों को प्रशिक्षित प्रशिक्षकों के माध्यम से कपड़ा सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली दीदियां अब अपने हुनर का उपयोग तिरंगा निर्माण में कर रही हैं।कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के माध्यम से जीविका दीदियों को तिरंगा निर्माण एवं आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है।विभिन्न सिलाई केंद्रों पर तैयार किए जा रहे तिरंगों की गुणवत्ता जांच और पैकेजिंग के बाद जिला प्रशासन के निर्देशानुसार निर्धारित संख्या में संबंधित विभागों एवं संस्थानों को इसकी आपूर्ति की जा रही है।संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि जीविका के सहयोग और प्रशिक्षण से सिलाई एवं वस्त्र निर्माण हजारों दीदियों के लिए आजीविका और स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन रहा है।कई दीदियां आंगनबाड़ी बच्चों के वस्त्र निर्माण से आय अर्जित कर रही हैं,जबकि प्रशिक्षित दीदियां दूसरों को भी प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ रही हैं। इससे कौशल, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत चक्र विकसित हो रहा है।किरतपुर प्रखंड की जीविका दीदी रिंकी सिंह ने भावुक होकर कहा, “मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मुझे अपने हाथों से तिरंगा बनाने और राष्ट्रध्वज निर्माण में योगदान देने का सौभाग्य मिलेगा।

जब अपने हाथों से तैयार किए गए तिरंगे को देखती हूं तो मन गर्व से भर जाता है। यह काम मेरे लिए सिर्फ आय का जरिया नहीं है, बल्कि मेरे हुनर और देशभक्ति का सुंदर संगम है। तिरंगा बनाकर ऐसा महसूस हो रहा है कि मैं भी अपने श्रम और हुनर के माध्यम से देश के प्रति अपना योगदान दे रही हूं।”जिले के विभिन्न सिलाई केंद्रों पर स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों और संकुल संघों से जुड़ी हजारों जीविका दीदियां तिरंगा निर्माण में सक्रिय रूप से भागीदारी कर रही हैं। इससे महिलाओं को रोजगार और आय का अवसर मिलने के साथ ही राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को निभाने का गौरव भी प्राप्त हो रहा है।हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों को अपने घरों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना है। जीविका दीदियों के सामूहिक प्रयास से जिले में निर्धारित संख्या में तिरंगों का निर्माण एवं वितरण समय पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।वंदे मातरम् के 150 वर्ष की थीम पर होंगे विविध कार्यक्रम जिले में इस वर्ष वंदे मातरम् के 150 वर्षों की थीम पर हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया जा रहा है। 9 से 17 अगस्त तक जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायत स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।इस दौरान तिरंगा थीम पर आधारित प्रकाश स्तंभ, मेरी माटी-मेरा देश एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ ही वंदे मातरम् प्रदर्शनी, तिरंगा रैली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, सेल्फी विद तिरंगा, तिरंगा यात्रा और संकल्प विद तिरंगा अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *