Featured

डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय अंतर-विभागीय समन्वय समिति की हुई बैठक

दरभंगा, 29 जुलाई 2026 :-

 

असैनिक शल्य चिकित्सक सह सदस्य सचिव,जिला स्वास्थ्य समिति दरभंगा के अध्यक्षता मे डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु जिला स्तरीय अंतर-विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में डेंगू की वर्तमान स्थिति,रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए की जा रही तैयारियों तथा विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

बैठक में असैनिक शल्य चिकित्सक ने कहा कि डेंगू की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी विभागों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने नगर परिषद, नगर पंचायत, पंचायती राज विभाग, पीरामल फाउंडेशन, शिक्षा विभाग, जीविका, आईसीडीएस, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, वन विभाग, पशुपालन विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की जरूरत बताई गई।

बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की नियमित सफाई कराई जाए, कूलर, टंकी, गमले एवं अन्य जल संग्रहण स्थलों की नियमित साफ सफाई सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार लार्वीसाइडल छिड़काव एवं फॉगिंग की कार्रवाई की जाए। विद्यालयों,पंचायतों एवं सामुदायिक स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू जांच किट, आवश्यक दवाएं, समर्पित डेंगू बेड, प्रशिक्षित रैपिड रिस्पॉन्स टीम तथा फॉगिंग मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा डेंगू मरीज मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

डेंगू नियंत्रण संबंधी गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी संदिग्ध मरीज की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अपने घर एवं आसपास पानी जमा न होने दें, शरीर को पूर्ण ढंकने वाले कपड़े पहनें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं तथा बुखार होने पर तुरंत निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जांच एवं उपचार कराएं।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *