Featured

विश्व पर्यावरण दिवस पर दरभंगा की जीविका दीदियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जिले भर में हुआ वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, जल-जीवन-हरियाली का दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जीविका के तत्वावधान में जिले भर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जीविका दीदियों ने “जल-जीवन-हरियाली” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक किया।

जीविका द्वारा प्रत्येक वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वयं सहायता समूहों एवं सामुदायिक संगठनों के माध्यम से स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, पौधारोपण तथा पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में केवटी प्रखंड अंतर्गत पचाढ़ी पंचायत में विशेष जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) डॉ. ऋचा गार्गी ने इंद्र संकुल स्तरीय संघ की जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण की नींव बनेगा।

प्रखंड परियोजना प्रबंधक समीउल हसन ने उपस्थित जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामुदायिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी दीदियों से अपने गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रत्येक परिवार को कम-से-कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत हैं और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण संबंधी जागरूकता संदेश दिए गए तथा सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गई। इसके पश्चात अधिकारियों एवं जीविका दीदियों ने मिलकर विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वित्त प्रबंधक आशीष कुमार, संतोष चौधरी, मनोरमा मिश्रा, क्षेत्रीय समन्वयक विवेक कुमार पूर्वे, एलएस मैडम सहित जिला एवं प्रखंड कार्यालय के कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह पहल जीविका दीदियों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित होगी तथा “हरित दरभंगा” के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *