जिला मुख्यालय के 21 केंद्र पर होगी परीक्षा
समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में अपर समाहर्ता राजस्व की अध्यक्षता में बी०एड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CET-B.ED -2026) को लेकर केंद्राधीक्षक को ब्रीफिंग किया गया।
ब्रीफिंग में बताया गया राज्य नोडल विश्वविद्यालय बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर, बिहार द्वारा BIHAR CET-B.ED. 2026 के लिए निर्गत निदेशिका के अनुसार बी०एड० संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CET-B.ED. – 2026) दिनांक 07 जून 2026 (रविवार) को 11:00 बजे पूर्वाह्न से 01:00 बजे अपराह्न तक जिला मुख्यालय के कुल 21 परीक्षा केन्द्रों पर निर्धारित कार्यक्रमानुसार आयोजित की जायेगी ।
उक्त परीक्षा को स्वच्छ,शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराये जाने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्र के केन्द्राधीक्षक को आवश्यक सामाग्री यथा उपस्थिति पत्रक, रोल नंबर स्टीकर, निर्देशिका इत्यादि उपलब्ध करा दिया गया है।
केन्द्राधीक्षक एवं परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त सभी वीक्षक/ कर्मी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दिवस को 07:00 बजे पूर्वाह्न तक निश्चित रूप से उपस्थित रहेंगे और परीक्षा संचालन कार्य विधिवत रूप से संपन्न कराएँगे।
परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों का प्रवेश की अनुमति पूर्वाह्न 08:30 बजे से 10:30 बजे तक प्रवेश-पत्र एवं फोटो पहचानपत्र के आधार पर दिया जायेगा।
परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के पश्चात परीक्षा कक्ष में जाने से पूर्व बायोमैट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की गयी है।
केन्द्राधीक्षक परीक्षा के मुख्य द्वार के समीप कनात का घेरा बनाकर महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों का आवश्यक फ्रिक्सिंग कराकर ही परीक्षा कक्ष में भेजना सुनिश्चित करेंगे, इस कार्य हेतु महिला एवं पुरुष शिक्षक की प्रतिनियुक्ति करेंगे। प्रतिनियुक्त स्टेटिक दंडाधिकारी पुलिस पदाधिकारी एवं पुरुष तथा महिला पुलिस बल के सहयोग से इस कार्य को संपन्न करावेंगे।
केन्द्राधीक्षक परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री, प्रवेश पत्र पर कोई लेख, सादा कागज, क्लिपबोर्ड, स्लाईड रूल, केलकुलेटर, मोबाईल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी, पामटॉप, PDA या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर कदापि नहीं जाने देंगे।
इस आशय की सूचना केन्द्राधीक्षक परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार के बाहर स्थानों पर प्रदर्शित कर देंगे। यदि किसी परीक्षार्थी के पास परीक्षा के दौरान कदाचार करने से सम्बंधित कोई भी इलेक्ट्रोनिक उपकरण पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम 1981 के तहत आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि केन्द्राधीक्षक किसी भी परीक्षार्थी को 10:30 पूर्वाह्न के बाद परीक्षा केंद्र अथवा परीक्षा हॉल / कक्ष में किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं करने देंगे एवं कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा समाप्ति के उपरांत ही परीक्षा केंद्र से बाहर जायेंगे।
परीक्षार्थियों को अपना प्रवेश पत्र वेबसाइट से डाउनलोड करना है तथा परीक्षा केन्द्र पर 02 प्रतियों में लाना अनिवार्य है। दोनों प्रतियों में निर्दिष्ट स्थान पर वीक्षक को हस्ताक्षर करना होगा,हस्ताक्षरोपरांत वीक्षक द्वारा परीक्षार्थी की प्रति उन्हें वापस कर दिया जायेगा।
यदि तकनीकी कारणों से किसी परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र पर फोटो अंकित नहीं रहने की स्थिति में वे अपना फोटो प्रवेश पत्र पर चिपकाकर ला सकते हैं तथा वैसी स्थिति में संबंधित परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र को वीक्षक उपस्थिति पत्रक एवं प्रवेश पत्र में दिये गये फोटो पहचान पत्र से मिलान करेंगे।
परीक्षार्थी को अपना आधार कार्ड लाना तथा फॉर्म भरने के समय जो आईडी प्रूफ दिए थे वह लाना अनिवार्य होगा।
प्रत्येक 48 परीक्षार्थी पर 04 वीक्षक प्रतिनियुक्त किया जायेगा। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में कम-से-कम दो (02) वीक्षक की प्रतिनियुक्ति की जायेगी चाहे उस कक्ष में 24 से कम परीक्षार्थी क्यों न हो।
केन्द्राधीक्षक परीक्षा पूर्व वीक्षकों के साथ एक बैठक कर लेंगे और उन्हें उक्त परीक्षा के कदाचारमुक्त वातावरण में संचालन हेतु भली भांति समझा देंगे साथ ही अपने-अपने परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थीयों के चेहरे का मिलान एडमिट कार्ड से करने का निदेश देंगे।
केन्द्राधीक्षक परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त वीक्षक/परीक्षा कार्य से जुड़े सभी व्यक्ति को परिचय पत्र दे देंगे जिसे परीक्षा के दौरान वे अपने सामने पॉकेट के ऊपर लगाकर रखेंगे।
परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त वीक्षक अपने आवंटित स्थान पर ही रहेंगे तथा परीक्षा केंद्र परिसर में इधर उधर नहीं घूमेंगे।
बताया गया कि केन्द्राधीक्षक परीक्षार्थीयों के बैठने की व्यवस्था निदेशिका में दिए गए सीट प्लान के अनुसार करेंगे।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाने का निर्देश दिया गया एवं जैमर काम कर रहा है कि नहीं केन्द्राधीक्षक सुनिश्चित करेंगे।
केन्द्राधीक्षक परीक्षा संचालन की अवधि में किसी भी परीक्षा कक्ष में स्मार्ट मोबाईल फोन अपने पास नहीं रखेंगे ।
केन्द्राधीक्षक परीक्षा केंद्र पर ध्वनि विस्तार यंत्र रखेंगे तथा आवश्यक निर्देश परीक्षार्थियों को समय-समय पर देते रहेंगे।
केन्द्राधीक्षक/आब्जर्वर,प्रतिनियुक्त पदाधिकारी / सम्बंधित पदाधिकारी परीक्षा संचालन संबंधित निदेशिका में दिये गए निदेश का अनुपालन करते हुए परीक्षा को स्वच्छ,शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संचालित करना सुनिश्चित करेंगे ।
ब्रीफिंग में अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार,जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा,विश्वविद्यालय बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर से लाल बाबू, ललित नारायण विश्वविद्यालय से डॉ.अरविंद कुमार, संस्कृत विश्वविद्यालय से रामसेवक झा एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।




