सरकारी कार्यालयों व स्कूलों में हिंदी के साथ उर्दू में भी सूचना प्रदर्शित करने का निर्देश
दरभंगा,11 अप्रैल 2026 :- मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, उर्दू निदेशालय, बिहार, पटना से प्राप्त पत्र के आलोक में जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा जिला स्तर से लेकर प्रखण्ड-सह-अंचल स्तर तक के पदाधिकारी को आदेश दिया है कि वे अपने-अपने कार्यालयों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित सभी प्रकार की सूचनाओं को हिंदी के साथ-साथ राज्य की द्वितीय राजभाषा उर्दू में भी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों के साइन बोर्ड, संकेत पट्ट, पदाधिकारियों के नामपट्ट, सार्वजनिक भवनों के नाम, सरकारी योजनाओं के बैनर, उद्घाटन-शिलापट्ट एवं होर्डिंग आदि में हिंदी के साथ उर्दू भाषा का भी प्रयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों, प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया है कि उक्त आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए इसकी प्रतिवेदन यथाशीघ्र उपलब्ध करना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार हिंदी के साथ-साथ उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति प्रतिबद्ध है, जिससे आम जनता को सूचना प्राप्त करने में सुविधा हो सके।
