दरभंगा, 24 मार्च 2026 :-आज दरभंगा स्थित प्रेक्षागृह में जिला स्तरीय दिव्यांगजन सशक्तिकरण बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग,दरभंगा के सहायक निदेशक श्री आशीष अमन द्वारा की गई।
बैठक में दिव्यांगजनों और विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया,जहाँ 26 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिन प्रमुख बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया, उनमें कौशल प्रशिक्षण, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल की मरम्मत, प्रखंड स्तरीय बैठकों का आयोजन और UDID (विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र) कार्ड निर्माण शामिल थे।
इस बैठक का मुख्य फोकस दिव्यांगजनों के कौशल विकास और विभिन्न कार्यों के लिए मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के समुचित उपयोग पर रहा ताकि उन्हें स्वावलंबी बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों और समितियों ने स्वास्थ्य विभाग के साथ काम को और सुगम बनाने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का अनुरोध किया।
साथ ही, उन्होंने मांग की कि UDID कार्ड के लंबित आवेदनों का तेजी से निष्पादन किया जाए ताकि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने बैठक के सफल संचालन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।




